जालौन , नवंबर 04 -- उत्तर प्रदेश के जालौन में बुधवार को भगवान श्रीराम की अयोध्या वापसी के उपलक्ष्य में मनाए जाने वाले दीपोत्सव पर्व पर उरई में अनूठी दीप प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इन्टैक उरई अध्याय, बुंदेलखंड कानपुर प्रांतीय कला धरोहर समिति, संस्कार भारती एवं भारत विकास परिषद स्वामी विवेकानंद शाखा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रदर्शनी का शुभारंभ जिला पंचायत राज अधिकारी राम अयोध्या प्रसाद गुप्त ने शंख ध्वनि के बीच भगवान गणेश की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।

प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए मुख्य अतिथि ने कहा कि एक साथ इतने प्रकार के प्राचीन और कलात्मक दीपों को देखकर मन प्रफुल्लित हो उठा। ऐसे आयोजन भारतीय सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ युवाओं को अपनी परंपराओं और संस्कारों से जुड़ने की प्रेरणा देते हैं।

प्रदर्शनी संयोजक डॉ. हरिमोहन पुरवार ने बताया कि दीपों का इतिहास पांच हजार वर्ष से भी अधिक पुराना है। हड़प्पा सभ्यता में टेराकोटा के दीप मिलने के प्रमाण हैं। दीप अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाने का सशक्त माध्यम है।

प्रदर्शनी में पीतल, तांबा, संगमरमर, शंख, सीप और टेराकोटा से निर्मित सैकड़ों दीप प्रदर्शित किए गए। इनमें स्वास्तिक, ओम, हाथी, ऊंट और पक्षियों की आकृतियों वाले दीप विशेष आकर्षण रहे। करीब 150 वर्ष पुराने मयूर आकृति के लकड़ी के दीप के साथ गुरु साधना के श्वेत, शक्ति साधना के रक्त और विष्णु साधना के पांडु रंग के दीप भी प्रदर्शित किए गए।

इसके अलावा प्राचीन ढिबरियों, पत्थर एवं कांच के लैंप तथा जापान, इटली, ऑस्ट्रिया और ऑस्ट्रेलिया सहित विभिन्न देशों के लैंप प्रदर्शित किए गए। भगवान श्रीराम की अयोध्या वापसी पर भारत सहित विभिन्न देशों द्वारा जारी डाक टिकट और चित्र भी प्रदर्शनी का हिस्सा रहे।

इस अवसर पर इन्टैक के नए सदस्यों विकास आनंद, राहुल पाटकर, खुशबू पाटकर और विश्वनाथ पुरवार को बैज एवं परिचय पत्र प्रदान किए गए। प्रदर्शनी की समस्त सामग्री श्रीमती संध्या पुरवार के निजी संग्रह से प्रस्तुत की गई। डॉ. हरिमोहन पुरवार ने मुख्य अतिथि का अंगवस्त्र भेंटकर स्वागत किया। कार्यक्रम में सुनीता राज, अनीता गुप्ता, डॉ. स्वयं प्रभा दुबे, विजय कौशल, डॉ. विजय गुप्ता, किशोरी शरण शांडिल्य सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित