पौड़ी, मार्च 31 -- उत्तराखंड में पौड़ी गढ़वाल जिले के ऋषिकेश परमार्थ निकेतन में मंगलवार को पूर्व अभिनेत्री एवं मॉडल दीप्ति भटनागर विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती में सहभाग किया और आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया।
मॉडल दीप्ती ने स्वामी चिदानन्द सरस्वती से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। स्वामी ने गंगा की महत्ता, पर्यावरण संरक्षण और आध्यात्मिक मूल्यों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान समय में मानवता को पुनः आध्यात्मिक जागरूकता की ओर लौटने की आवश्यकता है।
दीप्ति ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि परमार्थ निकेतन की गंगा आरती उन्हें आत्मिक शांति और जीवन की पवित्रता का एहसास कराती है। उन्होंने इसे प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में ऐसे आध्यात्मिक क्षण व्यक्ति को मानसिक स्थिरता प्रदान करते हैं।
इस अवसर पर महावीर जयंती के संदर्भ में स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने कहा कि भगवान महावीर के सत्य, अहिंसा और करुणा के सिद्धांत आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने लोगों से इन मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में दीप्ति का रुद्राक्ष का पौधा भेंट कर सम्मान किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित