दुबई , सितंबर 08 -- महिला टी-20 एशिया कप में तीन मैचों में आठ विकेट लेने वाली दीप्ति शर्मा आईसीसी महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय गेंदबाजी रैंकिंग में दो पायदान की छलांग के साथ छठे स्थान पर पहुंच गई हैं। इस सूची में उनकी भारतीय टीम की साथी एन श्री चरणी शीर्ष स्थान पर बनी हुई हैं। उन्होंने एशिया कप में अब तक तीन मैचों में सात विकेट लिए हैं। इन दोनों स्पिनरों और नई खिलाड़ी प्रेमा रावत के प्रदर्शन की बदौलत भारत टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बना।

दीप्ति पिछले साल दिसंबर में दुनिया की नंबर एक टी-20 गेंदबाज थीं, लेकिन उसके बाद श्री चरणी ने उन्हें पीछे छोड़ दिया। इंग्लैंड की सोफी एक्लस्टन, चार्ली डीन और लॉरेन बेल तथा दक्षिण अफ्रीका की एन म्लाबा श्री चरणी और दीप्ति के बीच रैंकिंग में मौजूद हैं। हालांकि नंबर एक और नं बर छह के बीच केवल 70 अंकों का अंतर है।

इसी दौरान दीप्ति ने थाईलैंड की थिपाचा पुथावोंग को पीछे छोड़ते हुए महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज़ का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। उन्होंने टूर्नामेंट के उद्घाटन मैच में थाईलैंड के खिलाफ 1.1 ओवर में तीन विकेट लेकर यह उपलब्धि हासिल की। दूसरी ओर पुथावोंग तीन मैचों में पांच विकेट लेने के बाद चार स्थान ऊपर चढ़कर 47वें नंबर पर पहुंच गई हैं।

पाकिस्तान की बाएं हाथ की स्पिनर नाश्रा संधू ने सोमवार को एशिया कप में हॉन्ग कॉन्ग के ख़िलाफ़ पाकिस्तान की ओर से रिकॉर्ड 7 रन देकर 6 विकेट लिए, लेकिन इसके बावजूद वह ताजा रैंकिंग अपडेट में एक स्थान फिसलकर आठवें नंबर पर आ गईं।

महिला वनडे रैंकिंग में इंग्लैंड द्वारा आयरलैंड के खिलाफ सीरीज में क्लीन स्वीप करने के बाद चार्ली डीन सबसे बड़ी छलांग लगाने वाली खिलाड़ियों में रहीं। ऑलराउंडरों की सूची में डीन एक स्थान ऊपर चढ़कर नौवें नंबर पर पहुंचीं, जबकि गेंदबाज़ों की रैंकिंग में तीन मैचों में तीन विकेट और 4.12 की इकॉनमी रेट के दम पर दो स्थान की बढ़त लेकर संयुक्त 11वें स्थान पर पहुंच गईं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित