लखनऊ , अक्टूबर 31 -- अयोध्या में दीपोत्सव-2026 के दौरान इस बार 2,100 स्वदेश निर्मित ड्रोन आसमान में रामायण की गाथा को जीवंत करेंगे। सात और आठ नवंबर को आयोजित होने वाले भव्य एरियल ड्रोन शो में प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमान की वीर मुद्रा, रावण वध, पुष्पक विमान और राम दरबार सहित रामायण के प्रमुख प्रसंगों को आकर्षक आकृतियों के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा।

उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित इस शो में 'मेड इन इंडिया' तकनीक से निर्मित 2,100 ड्रोन करीब 15 मिनट तक आसमान में विभिन्न आकृतियां बनाएंगे। इस दौरान कम से कम 15 अलग-अलग ड्रोन फॉर्मेशन प्रदर्शित किए जाएंगे, जिनमें आधे से अधिक पिछले वर्ष की प्रस्तुति से अलग और नए होंगे। संगीत, वॉयस ओवर और संगीतमय नैरेशन के जरिए रामायण की कथा को दृश्यात्मक रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में अयोध्या के दीपोत्सव को हर वर्ष नई भव्यता प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है। इस बार ड्रोन शो में रामायण के प्रमुख पात्रों और प्रसंगों को आकर्षक दृश्य रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 2,100 ड्रोन से बनने वाली आकृतियों में प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण, हनुमान, रावण वध, पुष्पक विमान, राम दरबार, महर्षि वाल्मीकि और गोस्वामी तुलसीदास के प्रसंग शामिल होंगे। इसके अलावा राम मंदिर, दीपोत्सव, उत्तर प्रदेश सरकार और पर्यटन विभाग के लोगो भी आसमान में प्रदर्शित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि इस बार शो की पटकथा, संगीत, वॉयस ओवर और ड्रोन फॉर्मेशन में विशेष बदलाव किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को नया अनुभव मिल सके। मंत्री ने कहा कि ड्रोन शो की लोकप्रियता को देखते हुए पर्यटन विभाग ने हर वर्ष इसकी भव्यता बढ़ाई है। दीपोत्सव-2024 में 500 और दीपोत्सव-2025 में 1,100 ड्रोन के माध्यम से एरियल शो आयोजित किया गया था। इस वर्ष इनकी संख्या बढ़ाकर 2,100 कर दी गई है।

अपर मुख्य सचिव, पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग अमृत अभिजात ने कहा कि दीपोत्सव-2026 में तकनीक और परंपरा का अनूठा समन्वय देखने को मिलेगा। स्वदेश निर्मित ड्रोन के माध्यम से रामायण के प्रसंगों को आकाश में जीवंत करने की तैयारी है। नए फॉर्मेशन, संगीत, वॉयस ओवर और प्रकाश प्रभावों से शो को और आकर्षक बनाया गया है। प्रयास है कि अयोध्या आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक दीपोत्सव की भव्यता के साथ यादगार अनुभव लेकर लौटें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित