अयोध्या , अक्टूबर 04 -- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आठ अक्टूबर को अयोध्या में दीपोत्सव महोत्सव के तैयारियों की जायजा लेंगे।
उनके साथ जिले के प्रभारी मंत्री और प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही भी उपस्थित रहेंगे। जिला प्रशासन, अयोध्या जी तीर्थ विकास परिषद, पर्यटन विभाग, अयोध्या शोध संस्थान और डॉ राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय ने संयुक्त रूप से दीपोत्सव को भव्य दिव्य बनाने के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। मुख्यमंत्री के सामने सभी विभाग अपनी अपनी तैयारियों की जानकारी देगे।
अयोध्या में प्रसिद्ध दीपोत्सव 19 अक्टूबर को बड़ी दीपावाली के दिन मनाया जायेगा। तीन दिन पहले जिले के अलग अलग स्थानों पर दीपोत्सव की शुरुआत हो जाती है। तीसरे और अंतिम दिन अयोध्या के कामता प्रसाद सुंदर लाल साकेत महाविद्यालय से प्रभु राम के जीवन पर आधारित झाकियां प्रातः 10 बजे निकलती हैं। यह मनमोहक झाकियां रामकथा पार्क तक जाती है, रामपथ पर अयोध्यावासियों द्वारा झाकियों पर पुष्पवर्षा की जाती है। जगह जगह तोरणद्वार बनाए जाते हैं। दीपोत्सव का मुख्य आयोजन रामपैड़ी पर किया जाता है। उसके लिए रामपैडी के घाटों पर दीप रखने के लिए चिन्हीकरण पूर्ण कर लिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित