, Nov. 7 -- समारोह के मुख्य अतिथि उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने अपने संबोधन में भगवान श्रीराम के आदर्शों और अयोध्या की पौराणिक महत्ता का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन सिखाता है कि वास्तविक महानता सत्ता या पद में नहीं, बल्कि चरित्र बल और कर्तव्यों के प्रति अटूट निष्ठा में होती है।

उपराष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को कर्मयोगी बताते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा की। उन्होंने मुख्यमंत्री को 'हिंदू हृदय सम्राट' संबोधित करते हुए संसद में उनके साथ बिताए पुराने दिनों को याद किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री उस समय भी अपने भाषणों में ओजस्वी थे और आज भी उनके व्यक्तित्व में वही ओज दिखाई देता है।

श्री राधाकृष्णन ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने मिलकर राम मंदिर को हिंदुओं के आत्मसम्मान का प्रतीक बनाया है। अयोध्या आज 'विरासत भी, विकास भी' की अवधारणा का साकार उदाहरण बन गई है। उन्होंने दीपोत्सव के दसवें संस्करण के भव्य आयोजन के लिए उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने जीवन में इतना भव्य आयोजन नहीं देखा।

उन्होंने अपने सामान्य कृषक परिवार से उपराष्ट्रपति पद तक पहुंचने के सफर का उल्लेख करते हुए कहा कि राम मंदिर आंदोलन और रामभक्तों के बलिदान ने देश की सांस्कृतिक चेतना को नई ऊर्जा दी है।

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने रामकथा पार्क में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम केवल एक नाम नहीं, बल्कि एक विचार, संस्कार और भारत की आत्मा हैं। उनका जीवन सिखाता है कि सत्ता से बड़ा कर्तव्य, अधिकार से बड़ा दायित्व और वैभव से बड़ा चरित्र होता है।

उन्होंने कहा कि सरयू के पावन तट पर असंख्य दीपों की स्वर्णिम आभा के बीच अयोध्या करोड़ों लोगों की अटूट आस्था और सनातन चेतना का जीवंत केंद्र बन गई है। रामराज्य की परिकल्पना केवल शासन व्यवस्था का आदर्श नहीं, बल्कि न्याय, समानता, संवेदना और लोक कल्याण पर आधारित समाज की स्थापना का संकल्प है।

राज्यपाल ने महर्षि वाल्मीकि और गोस्वामी तुलसीदास का स्मरण करते हुए कहा कि उनके महाकाव्यों ने भगवान श्रीराम के चरित्र और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाया है। इसी कारण श्रीराम भारतीय सामाजिक और सांस्कृतिक एकता के प्रमुख आधार बने हुए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित