हल्द्वानी , नवम्बर 10 -- उत्तराखंड की हल्द्वानी पुलिस ने दीपावली की छुट्टियों में घर जा रहे एक युवक को टैक्सी दिलाने के बहाने सुनसान स्थान पर ले जाकर लूटने वाले दो आरोपियों को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सामान भी बरामद कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मामला विगत 07 नवंबर का है।

बेरीनाग (पिथौरागढ़) निवासी मुकेश भट्ट ने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर देकर आरोप लगाया कि वह चंडीगढ़ में निजी कंपनी में नौकरी करता है और दीपावली की छुट्टी पर घर जाने के लिए बस से हल्द्वानी पहुंचा था। रोडवेज बस स्टेशन पर पिथौरागढ़ की टैक्सी तलाशते समय दो अज्ञात युवक उससे मिले और प्रेम टॉकीज के पास टैक्सी खड़ी होने की बात कहकर साथ ले गए।

वहां से दोनों उसे एक सुनसान स्थान पर ले गए और आईफोन, Rs.7,000 नकद, हेडफोन व कान की सोने की बाली लूटकर फरार हो गए। तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी में भारतीय न्याय संहिता बीएनएस की धारा 309(4) के तहत अज्ञात दो लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने घटना के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए। इस पर कोतवाल विजय मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने विभिन्न स्थानों पर लगे लगभग 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिरों से भी जानकारी जुटाई। आखिरकार पुलिस ने दोनों आरोपियों को राजपुरा रेलवे क्रॉसिंग के पास से गिरफ्तार कर। लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में अभय सिंह उर्फ उड़ी निवासी वार्ड नंबर 12, राजपुरा, थाना हल्द्वानी, जनपद नैनीताल और सूरज आर्य निवासी वार्ड नंबर 12, राजपुरा, थाना हल्द्वानी, जनपद नैनीताल शामिल हैं।

आरोपियों के कब्जे से लूटा हुआ सामान भी बरामद कर लिया गया है। बरामदगी के आधार पर अभियोग में धारा 317(2) की वृद्धि की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित