रांची , नवंबर 10 -- दीपावली के जश्न और जमकर हुई आतिशबाजी के बाद झारखंड के कई शहरों की हवा प्रदूषित हो गई है।

राजधानी रांची समेत हजारीबाग और धनबाद में वायु गुणवत्ता का स्तर तेजी से बिगड़ा है। सबसे खराब स्थिति हजारीबाग और धनबाद की है, जहां एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्युआई) 300 के पार पहुंच गया है। वहीं, रांची के कई इलाकों में भी प्रदूषण का स्तर 190 के करीब दर्ज किया गया है।

एक्युआईडॉटइन के रियल टाइम एयर पॉल्यूशन डैशबोर्ड के अनुसार, नौ नवंबर को हजारीबाग का एक्युआई 336 और धनबाद का 325 दर्ज किया गया। दोनों शहरों की हवा बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई है। राजधानी रांची में भी प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है।

आंकड़ों के मुताबिक, सात नवंबर को रांची का दैनिक औसत एक्युआई 142 से 152 के बीच था। आठ नवंबर को यह बढ़कर 156 से 164 तक पहुंच गया। वहीं, नौ नवंबर को अलग-अलग समय पर दर्ज रियल टाइम आंकड़ों में एक्युआई163 से 189 के बीच रहा। शहर के सेक्टर-2 में AQI 193, दीपाटोली में 191, धुमसाटोली और गांधी नगर कॉलोनी में 189 तथा कोकर चौक में 186 दर्ज किया गया।

राजधानी की हवा में पीएम2.5 प्रमुख प्रदूषक बना हुआ है। विशेषज्ञों के अनुसार, दीपावली के दौरान पटाखों से निकलने वाला धुआं और सूक्ष्म कण वायु प्रदूषण बढ़ाने के प्रमुख कारणों में शामिल हैं। इसके अलावा नवंबर में तापमान में गिरावट और हवा की गति कम होने से प्रदूषक कण वातावरण में लंबे समय तक बने रहते हैं।

रात और सुबह के समय प्रदूषण का असर अधिक महसूस हो सकता है। तापमान कम होने और हवा का फैलाव सीमित रहने के कारण सूक्ष्म प्रदूषक कण जमीन के नजदीक जमा हो जाते हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में भी लोगों को प्रदूषित हवा से परेशानी हो सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित