बिहार दीपावली सुरक्षा इंतजामगोपालगंज , नवंबर 07 -- दीपावली एवं छठ महापर्व के दौरान जिले में विधि-व्यवस्था, शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है।
जिला पदाधिकारी समीर सौरभ और पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी की संयुक्त अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय सभाकक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने और छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर समाहर्ता राजेश्वरी पांडेय, अनुमंडल पदाधिकारी गोपालगंज डॉ. प्रेरणा सिंह, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंदन कुमार समेत अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे। वहीं, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी और जिले के सभी थानाध्यक्ष भी बैठक से जुड़े।
इस बैठक में पर्व-त्योहारों के दौरान शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। छठ घाटों पर संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और बैरिकेडिंग के पुख्ता इंतजाम करने को कहा गया।
जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने तथा किसी भी अप्रिय घटना की आशंका होने पर तत्काल कंट्रोल रूम को सूचित कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने उच्च तीव्रता वाले पटाखों के इस्तेमाल पर निगरानी रखने और नियंत्रण के उपाय करने को कहा। साथ ही लाइसेंस प्राप्त पटाखा प्रतिष्ठानों का सत्यापन कर लाइसेंस की शर्तों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित