रायपुर , मार्च 26 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर प्रदेश को एटीएम बनाने का आरोप लगाया है।

श्री दीपक बैज ने आज यहां राजीव भवन में पत्रकारों से कहा कि भाजपा ने छत्तीसगढ़ को एटीएम कार्ड बना लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि नियमों को ताक पर रखकर आबकारी विभाग में मैनपावर सप्लाई का ठेका भाजपा के एक राष्ट्रीय सचिव की कंपनी को दिया गया। 300 करोड़ रुपये के इस टेंडर में 148 कंपनियों ने भाग लिया, लेकिन चयनित दो कंपनियों के मालिक एक ही हैं जो गुजरात से आते हैं, जबकि टेंडर की शर्तों में यह स्पष्ट था कि एक मालिक की दो कंपनियों का चयन नहीं किया जा सकता।

श्री बैज ने कहा कि पहले भी भाजपा के एक राष्ट्रीय नेता द्वारा छत्तीसगढ़ में सत्ता में आए लोगों से 1500 करोड़ रुपये मांगने का वीडियो वायरल हुआ था, लेकिन सरकार ने कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया। उन्होंने कहा कि नोटों से भरी गाड़ियों का गुजरात की ओर जाते हुए पकड़ा जाना संयोग नहीं है, जनता जानना चाहती है कि यह पैसा किसके पास भेजा जा रहा था।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश में 'दीनदयाल अफीम संवर्धन योजना' चला रही है। पिछले 17 दिनों में प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में अफीम की खेती के छह बड़े मामले सामने आए हैं। दुर्ग, बलरामपुर, रायगढ़ जिले में करोड़ों की अफीम की फसल बिना सत्ता के संरक्षण के संभव नहीं है।

उन्होंने कहा कि जब पटवारी और राजस्व अमला गिरदावरी कर रहा था तो उन्हें अफीम की खेती कैसे नजर नहीं आई। नगरी-सिहावा में फसल पर ट्रैक्टर चलवाकर मामला दबाने का प्रयास किया गया और आरोपियों पर एफआईआर दर्ज नहीं की गई।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि डबल इंजन की सरकार जनता को गैस उपलब्ध नहीं करवा पा रही। केवाईसी का बहाना बनाकर गैस की डिलीवरी रोकी जा रही है, जिससे घरों में खाना नहीं बन पा रहा। महिलाएं लकड़ी के चूल्हे पर निर्भर हो गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की आंखों के सामने कालाबाजारी हो रही है, 900 रुपये का सिलेंडर 3000 रुपये में बेचा जा रहा है। कमर्शियल गैस की सप्लाई बंद होने से होटल व्यवसायी भी परेशान हैं।

इस अवसर पर पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष धनेन्द्र साहू, पूर्व मंत्री अमितेष शुक्ल, वरिष्ठ नेता राजेन्द्र तिवारी, प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, महामंत्री सकलेन कामदार, वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर, सुरेन्द्र वर्मा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित