मुंबई, एक अक्टूबर (वार्ता) कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने गुरुवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर वे कल शुक्रवार से यहां के शिवाजी पार्क में शुरू हो रहे आंदोलन के दौरान उन्हें गिरफ्तार करने का आदेश देते हैं, तो यह उनकी एक बड़ी भूल होगी।

मुंबई में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री दीपके ने कहा, "फडणवीस को वैसी गलती नहीं दोहरानी चाहिए जैसी 20 जुलाई को अमित शाह ने की थी। अगर ऐसा किया गया तो देश के वे सभी 13 करोड़ मतदाता, जिनके नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं, सड़कों पर उतरकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के साथ-साथ गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग करेंगे।"श्री दीपके ने पार्टी की मांगों को दोहराते हुए कहा कि आगामी चुनाव जनवरी 2025 की मतदाता सूची के आधार पर ही कराए जाने चाहिए। उन्होंने श्री कुमार के तत्काल इस्तीफे, उन पर आपराधिक कार्रवाई तथा निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि श्री कुमार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि उन्हें यह अवैध कार्य करने के निर्देश किसने दिए थे। इसके साथ ही उन्होंने वर्ष 2023 के चुनाव आयुक्त नियुक्ति अधिनियम को निरस्त कर नागरिक समाज की भागीदारी के साथ एक नया और पारदर्शी कानून बनाने की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित