गरियाबंद , मार्च 26 -- छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत हितग्राहियों के खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से राशि अंतरित किए जाने पर व्यापक संतोष और खुशी का माहौल देखा गया।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार जिले में कुल 17 हजार 575 पात्र हितग्राहियों को योजना के अंतर्गत 17 करोड़ 57 लाख 50 हजार रुपये की एकमुश्त सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की गई है। इस आर्थिक सहायता से भूमिहीन कृषि मजदूरों को राहत मिलने के साथ ही उनके जीवन स्तर में सुधार तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर, जिला महामंत्री डॉ. आशीष शर्मा तथा मंडल अध्यक्ष धनराज विश्वकर्मा ने राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना गरीब, भूमिहीन और जरूरतमंद परिवारों के लिए महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन को मजबूत करते हुए केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है।
भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और भूमिहीन कृषि मजदूरों को आर्थिक सहायता प्रदान कर यह साबित किया है कि वह गरीबों के उत्थान और सशक्तिकरण के लिए गंभीर है।
योजना से लाभान्वित हितग्राहियों ने भी सरकार के प्रति आभार जताते हुए कहा कि प्राप्त राशि उनके लिए अत्यंत उपयोगी है और इससे वे अपनी आवश्यक जरूरतों को पूरा कर सकेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित