रांची , जून 03 -- झारखंड के आम बागानों में तैयार आम्रपाली की मिठास अब शहर के मॉल में ग्राहकों को आकर्षित करेगा।

इसको लेकर जेएसएलपीएस की पहल पर अपना मार्ट और गुमला जिले के एमवीएम बाघिमा पालकोट फॉर्मर प्रोड्यूशर कंपनी लिमिटेड (एफपीओ) के बीच समझौता हुआ है। पहले चरण में अपना मार्ट ने एफपीओ से 2 टन आम्रपाली की खरीद की है। समझौता के अनुसार एफपीओ से आम खरीद का ये सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।

राज्य की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की उपस्थिति में इसकी शुरुआत की गई। इस खास मौके पर जेएसएलपीएस के सीईओ अनन्य मित्तल और अपना मार्ट के स्टेट सीईओ मनोज पांडेय मौजूद रहें। राज्य में बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत की गई आम बागवानी से तैयार आम रांची के सभी अपना मार्ट मॉल में उपलब्ध रहेंगे।

जेएसएलपीएस का उद्देश्य राज्य के सुदूर ग्रामीण इलाकों में बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत आम बागवानी से तैयार आम का सही मूल्य दिलाना है। गुमला जिले के एमवीएम बाघिमा पालकोट फॉर्मर प्रोड्यूशर कंपनी लिमिटेड (एफपीओ) से जुड़ी भगवती देवी , करुणा देवी एवं कुमवारी बरवा ने इस पहल को लेकर जेएसएलपीएस के साथ विभागीय मंत्री का विशेष आभार प्रकट किया है।

आम आगवानी से जुड़ी दीदियों ने कहा कि अब तक वो गांव के हाट - बाजार में ही सस्ते दर पर आम बेचने को मजबूर थीं। लेकिन इस बार अपना मार्ट से आम खरीद का ऑडर मिलने के बाद उनकी खुशी का ठिकाना नहीं है। दोगुना दर पर उनके बागान का आम जेएसएलपीएस के सहयोग से अपना मार्ट ने खरीदा है। ये राशि उनके परिवार के बेहतर भविष्य और खास कर बच्चों की शिक्षा में मददगार साबित होगा। इसके साथ ही भविष्य में आम की पैदावार में कैसे बढ़ोत्तरी हो , इसका वो हर संभव प्रयास करेंगी।

ग्रामीण विकास , ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने इस मौके पर कहा कि ये एक बेहतर शुरुआत है। जेएसएलपीएस की टीम ने आम बागवानी से जुड़ी दीदियों के चेहरे पर मुस्कान लाने का काम किया है। ये मुस्कान आगे भी इसी तरह बनी रहे और राज्य के ज्यादा से ज्यादा एफपीओ को भी अपने उत्पाद का ज्यादा से ज्यादा मुनाफा मिल सके, इसकी कोशिश जारी रहेगी।

बाजार में आम की मांग के अनुरूप वाजिब दर पर आम की उपलब्धता विभाग का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि ऐसा करने से महिला आजीविका सशक्त होने के साथ ग्रामीण अर्थ व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। इस मौके पर जेएसएलपीएस सीओओ विष्णु परिदा, विनोद पांडेय, तापस रंजन बेहरा, संजय दास, अपना मार्ट के कैटेगरी हेड सुलभ बंसल, एफपीओ अध्यक्ष भगवती देवी, करुणा देवी , सचिव के बरवा, राहुल कुमार साहू मौजद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित