मुंबई , सितंबर 18 -- दिवंगत सेलिब्रेटी मैनेजर दिशा सालियान के पिता सतीश सालियान ने शिवसेना (यूबीटी) विधायक आदित्य ठाकरे को व्यक्तिगत रूप से कानूनी नोटिस देने के लिए 19 सितंबर को बांद्रा स्थित 'मातोश्री' जाने के दौरान अपने और अपनी लीगल टीम के सदस्यों के लिए पुलिस सुरक्षा मांगी है।

मुंबई पुलिस आयुक्त को संबोधित लिखित आवेदन में श्री सालियान के अधिवक्ता ने कहा कि उनके मुवक्किल अपनी लीगल टीम के साथ हाथ से नोटिस देने के लिए शुक्रवार को शाम करीब चार बजे 'मातोश्री' जाने की योजना बना रहे हैं। इस आवेदन की एक प्रति खेरवाड़ी पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक को भी भेजी गयी है।

आवेदन के अनुसार, सुरक्षा की यह मांग मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए की गयी है, क्योंकि अधिवक्ता ने इस दौरान किसी भी संभावित बाधा, अप्रिय घटना या टकराव की आशंका जतायी है। पत्र में कहा गया है कि सालियान और उनकी लीगल टीम को अपनी व्यक्तिगत सुरक्षा का खतरा महसूस हो रहा है, इसलिए उन्होंने पुलिस प्रशासन से पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध करने का अनुरोध किया है, ताकि बिना किसी रुकावट या अप्रिय घटना के नोटिस दिया जा सके।

अधिवक्ता ने मुंबई पुलिस से मौके पर आवश्यक पुलिस कर्मियों को तैनात करने और सालियान एवं उनके कानूनी प्रतिनिधियों को मातोश्री प्रवास के दौरान सुरक्षा प्रदान करने का आग्रह किया है। लीगल नोटिस देने की यह कवायद दिशा सालियान की मौत की परिस्थितियों और इस मामले के संबंध में विभिन्न व्यक्तियों के दिये गये बयानों से उठे कानूनी विवाद में एक नया मोड़ है।

सालियान ने 2020 में अपनी बेटी की मौत के संबंध में दिये गये बयानों को लेकर पहले भी कानूनी कार्रवाई शुरू की थी। इस मामले में बॉम्बे उच्च न्यायालय के समक्ष भी सुनवाई हो चुकी है, जिसने हाल ही में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को इस मामले से जुड़ी परिस्थितियों की जांच करने का निर्देश दिया था।

पुलिस को दिया गया यह नवीनतम आवेदन मुख्य रूप से केवल लीगल नोटिस की व्यक्तिगत रूप से सौंपने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की मांग तक ही सीमित है।

दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मैनेजर रहीं दिशा सालियान की आठ जून 2020 को एक इमारत की 12वीं मंजिल से गिरने से मौत हो गयी थी। इसके छह दिन बाद ही 14 जून 2020 को सुशांत सिंह राजपूत का भी निधन हो गया था।

बॉम्बे उच्च न्यायालय के आदेश के बाद सीबीआई ने प्राथमिकी दर्ज की थी, जिसमें आदित्य ठाकरे सहित कई व्यक्तियों के नाम शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित