बैतूल , जून 11 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में गुरुवार को आयोजित दिशा समिति की बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा के साथ अवैध शराब बिक्री, स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय राज्य मंत्री एवं सांसद दुर्गादास उईके ने की।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पवार ने मुलताई और आसपास के क्षेत्रों में कथित रूप से बड़े पैमाने पर हो रही अवैध शराब बिक्री का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पवित्र नगरी मुलताई सहित आसपास के क्षेत्रों में प्रतिदिन लाखों रुपये का अवैध शराब कारोबार संचालित हो रहा है। उन्होंने आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मुलताई, चंदोरा, कामथ, परमंडल और चिचड़ा हाईवे क्षेत्र में सख्त कार्रवाई की मांग की। दुनावा क्षेत्र में एक दुकान की अनुमति के बावजूद दो दुकानों के संचालन का मामला भी बैठक में उठाया गया। बैठक में आबकारी विभाग का कोई जिम्मेदार अधिकारी उपस्थित नहीं था।

जनप्रतिनिधियों ने मुलताई के एक निजी अस्पताल की मान्यता, चिकित्सकों की शैक्षणिक योग्यता तथा उपचार के दौरान हुई कथित मौतों को लेकर भी सवाल उठाए और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

बैठक में पाथाखेड़ा और सारणी क्षेत्र में अवैध सट्टा गतिविधियों के संचालन का मुद्दा भी सामने आया। जनप्रतिनिधियों ने इन क्षेत्रों में प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता बताई।

विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों ने जिले की खराब सड़कों, अधूरे निर्माण कार्यों तथा स्वास्थ्य सेवाओं की कमी पर चिंता व्यक्त की। विशेष रूप से मुलताई क्षेत्र में चिकित्सकों की कमी का मुद्दा उठाते हुए पर्याप्त संख्या में डॉक्टरों की पदस्थापना की मांग की गई।

अधिकारियों ने बैठक में बताया कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत चिन्हित गांवों में सड़क, बिजली, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए कार्य किए जा रहे हैं। साथ ही 24 गांवों में विद्युत सुविधा उपलब्ध कराने के लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन तैयार किए जाने की जानकारी भी दी गई।

बैठक के अंत में सांसद उईके ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए तथा जनजातीय और ग्रामीण क्षेत्रों तक मूलभूत सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विभिन्न विकास योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन पर भी जोर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित