जौनपुर , जून 18 -- भारतीय वन सेवा (आईएफएस) अधिकारियों के तबादले के बाद 2013 बैच की आईएफएस अधिकारी दिव्या ने जौनपुर की नई प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) के रूप में गुरुवार को कार्यभार ग्रहण कर लिया है। इससे पहले वह कानपुर में तैनात थीं।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार दिव्या वर्तमान में जौनपुर के जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन की पत्नी हैं। उनके कार्यभार संभालने के साथ ही जिले में वन विभाग की कमान उन्हें सौंप दी गई है। जौनपुर में अब प्रशासन और वन विभाग की कमान एक ही अधिकारी दंपती के हाथों में होने से लोगों की उत्सुकता बढ़ गई है।
जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन अपनी प्रशासनिक कार्यशैली और जनसरोकारों से जुड़े फैसलों को लेकर चर्चा में रहे हैं, वहीं दिव्या वन एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं। उनके नेतृत्व में जिले में वन संरक्षण, पौधरोपण, हरित अभियान और पर्यावरण संवर्धन से जुड़े कार्यक्रमों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। दिव्या के कार्यभार ग्रहण करने के बाद वन विभाग के विकास कार्यों और पर्यावरण संरक्षण संबंधी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिले में सकारात्मक माहौल देखा जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित