बैतूल , जनवरी 13 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई में एक दिव्यांग महिला से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पानी मांगने के बहाने घर में घुसकर महिला के साथ अभद्रता करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। यह कार्रवाई महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार पीड़िता ने 11 जनवरी को मुलताई थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बीच वह अपने घर के दरवाजे पर बैठी थी। इसी दौरान बाइक से आए एक युवक ने उससे पानी मांगा। महिला ने स्वयं के दिव्यांग होने और घर में अकेली होने की जानकारी दी, इसके बावजूद आरोपी नहीं माना।

महिला के पानी लाने के लिए घर के अंदर जाने पर आरोपी जबरदस्ती उसके पीछे-पीछे घर में घुस गया और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। संघर्ष के दौरान महिला का सूट फट गया और मंगलसूत्र भी गिर गया। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया।

घटना की सूचना डायल-112 पर दी गई, जिस पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने लाई। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम ईश्वर घोतोडे निवासी ग्राम मारुड, जिला पांढुर्णा बताया।

थाना प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र सिंह परिहार ने बताया कि फरियादिया की शिकायत पर आरोपी के विरुद्ध दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम एवं एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक मोनिका पटले, आरक्षक सत्येन्द्र, लक्ष्मीचंद तथा डायल-112 चालक शुभम की सराहनीय भूमिका रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित