पटना , फरवरी 20 -- बिहार के समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी ने शुक्रवार को कहा कि दिव्यांगों को सहानुभूति नही बल्कि अवसर और सम्मान की आवश्यकता है।
राज्य के दिव्यांग कलाकारों को अपने हुनर एवं कलात्मक क्षमताओं के प्रदर्शन के लिये मंच प्रदान करने केउद्देश्य से दिव्यांगजन सशक्तिकरण निदेशालय, समाज कल्याण विभाग, बिहार द्वारा दिव्यांगजन महोत्सव, 2026 का आयोजन आज किया गया। अपने स्वरुप में राज्य में प्रथम बार आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन श्री सहनी ने किया।
श्री सहनी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि दिव्यांगजन को सहानुभूति नही बल्कि अवसर और सम्मान की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन महोत्सव का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगों की रचनात्मक उत्कृष्टता को प्रदर्शित करने के लिये मंच उपलब्ध कराना है। राज्य सरकार दिव्यांगजनों के स्वाबलंबन एवं उनके कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है तथा उसके लिए विभाग के स्तर से लगातार कदम उठाए जा रहे हैं।
श्री सहनी ने बताया कि वर्ष 2025-26 में दिव्यांगजनों के हितों के मद्देनज़र विभाग द्वारा दो नई योजनाएं दिव्यांगजन सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना तथा मुख्यमंत्री दिव्यांगजन उद्यमी योजना का क्रियान्वयन प्रारंभ किया गया है। इसके साथ-साथ मुख्यमंत्री दिव्यांगजन छत्र योजना 'संबल' अंतर्गत पात्र दिव्यांगजनों को पूर्व से नि:शुल्क प्रदान किये जाने वाले सहायक उपकरणों एवं बैट्री चालित ट्राईसाईकिल की निर्धारित पात्रता एवं शर्तों में आंशिक संशोधन को स्वीकृति दी गयी जिससे राज्य के अधिक से अधिक दिव्यांगजनों को लाभान्वित किया जा सके। विभाग के द्वारा नि:शुल्क प्रदान किए जाने वाले सहायक उपकरण विशेष रुप से बैट्री चालित ट्राईसाईकिल से उन्हे शिक्षा एवं रोजगार प्राप्त करना आसान हुआ है। सरकार दिव्यांगजनों तक शैक्षणिक सुविधाओं की बेहतर पहुंच सुनिश्चित करने के उद्येश्य से भी कई महत्वपूर्ण कदम उठा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित