बैतूल , सितंबर 13 -- दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं, प्रमाण-पत्र, पेंशन, शिक्षा और रोजगार से जुड़े कार्यों के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से जल्द राहत मिल सकती है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने बैतूल से दिव्यांगजनों के लिए 'एकल खिड़की प्रणाली' शुरू करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि इससे दिव्यांगजनों का समय और श्रम बचेगा तथा विभिन्न विभागों से जुड़ी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
यह घोषणा भारत भारती परिसर में सक्षम संस्था के मध्य भारत प्रांत के 16 जिलों के पदाधिकारियों के दो दिवसीय प्रांतीय अधिवेशन के दौरान की गई। कार्यक्रम में श्री खंडेलवाल के अलावा जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष मोहन नागर और भारतीय दिव्यांग क्रिकेट टीम के कप्तान गुरदास रावत मौजूद रहे।
श्री खंडेलवाल ने कहा कि दिव्यांग समाज को केवल सहानुभूति की नहीं, बल्कि अवसर, सहयोग और सम्मान की आवश्यकता है। उन्होंने सक्षम संस्था को समाज और सरकार के बीच सेतु बताते हुए कहा कि दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और उनकी पहुंच सुनिश्चित करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि एकल खिड़की प्रणाली की शुरुआत शीघ्र बैतूल से की जाएगी।
अधिवेशन में मध्य भारत प्रांत के 16 जिलों से आए पदाधिकारियों ने दिव्यांगजनों से जुड़ी सरकारी योजनाओं, अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और स्वावलंबन जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया। जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष मोहन नागर ने कहा कि सक्षम संस्था देशभर में दिव्यांगजनों के उत्थान के लिए काम कर रही है। अधिवेशन में तैयार होने वाली रणनीति के आधार पर संस्था सरकार के साथ मिलकर आगे कार्य करेगी।
भारतीय दिव्यांग क्रिकेट टीम के कप्तान गुरदास रावत ने अपने संघर्ष और सफलता की कहानी साझा की। उन्होंने कहा कि बचपन में लोग उनकी दिव्यांगता का मजाक उड़ाते थे, लेकिन उन्होंने इसे अपनी ताकत बनाया। श्री रावत ने भारतीय टीम की पाकिस्तान के खिलाफ वनडे में 3-0 और टी-20 में 10-0 की जीत का उल्लेख करते हुए नरेंद्र मोदी स्टेडियम और इंग्लैंड के लॉर्ड्स मैदान में खेलने का अनुभव भी साझा किया।
उन्होंने सक्षम संस्था और बैतूल के जिला अध्यक्ष सुनील हिरानी के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में रक्षाबंधन की भावना के अनुरूप दिव्यांगजनों को रक्षासूत्र बांधकर सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में भोपाल के आयुक्त अजय खेमरिया, जिला पंचायत उपाध्यक्ष हंसराज धुर्वे सहित संस्था के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित