चंडीगढ़ , अप्रैल 24 -- हरियाणा सरकार ने दिव्यांगजनों के हित में बड़ा फैसला लेते हुए 40 से 99 प्रतिशत तक दिव्यांगता वाले व्यक्तियों को हरयाणा रोडवेज की साधारण बसों में मुफ्त यात्रा सुविधा देने की घोषणा की है। इस निर्णय से प्रदेश के लगभग 1.22 लाख दिव्यांगजन लाभान्वित होंगे। इस संबंध में राज्य परिवहन विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी है।
विभाग के प्रवक्ता के अनुसार, पहले यह सुविधा केवल 100 प्रतिशत दिव्यांगजनों को एक सहायक सहित प्रदान की जाती थी, जिसे 2010 में चंडीगढ़ और दिल्ली तक विस्तारित किया गया था। लंबे समय से 100 प्रतिशत से कम दिव्यांगता वाले लोगों द्वारा भी इस सुविधा की मांग की जा रही थी, जिसे अब सरकार ने स्वीकार कर लिया है।
हरियाणा रोडवेज वर्तमान में 24 डिपो और 13 उप-डिपो के माध्यम से 4100 से अधिक बसों का संचालन करता है। ये बसें प्रतिदिन करीब 11.38 लाख किलोमीटर की दूरी तय कर लगभग छह लाख यात्रियों को सेवा देती हैं।
सरकार का कहना है कि यह निर्णय सामाजिक समावेशन को बढ़ावा देने और दिव्यांगजनों को सुलभ एवं किफायती परिवहन उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित