रायपुर , अगस्त 22 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में दिव्यांगजनों के लिए 31 अगस्त को रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा, जिसमें निजी क्षेत्र में असिस्टेंट के 30 पदों पर भर्ती की जाएगी।
विशेष रोजगार कार्यालय रायपुर और डॉ. रेड्डीज फाउंडेशन के पीडब्ल्यूडी सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में रोजगार मेला सुंदर नगर स्थित पीडब्ल्यूडी सेंटर में सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक आयोजित होगा।
विशेष रोजगार कार्यालय की उप संचालक डॉ. शशीकला अतुलकर ने बताया कि मेले में निजी क्षेत्र की कंपनी इंस्टाकार्ट सर्विस प्राइवेट लिमिटेड (फ्लिपकार्ट) द्वारा असिस्टेंट के 30 पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए अभ्यर्थी का 10वीं उत्तीर्ण होना आवश्यक है तथा आयु सीमा 18 से 30 वर्ष निर्धारित की गई है। चयनित अभ्यर्थियों को 10 हजार से 12 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा।
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को छत्तीसगढ़ रोजगार पोर्टल अथवा 'छत्तीसगढ़ रोजगार ऐप' के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही रोजगार पंजीयन भी आवश्यक है। अभ्यर्थियों को शैक्षणिक योग्यता संबंधी दस्तावेज, रोजगार पंजीयन कार्ड, आधार कार्ड की छायाप्रति, पासपोर्ट साइज फोटो और दिव्यांगता प्रमाण-पत्र के साथ निर्धारित समय पर उपस्थित होना होगा। रोजगार मेले में भाग लेने के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित