अलवर , नवम्बर 02 -- राजस्थान में अलवर शहर में पहली बार दिवाली के अवसर पर लगाए गए हाट बाजार के विरोध में थड़ी दुकानदारों ने सोमवार को नगर निगम पहुंचकर धरना शुरू कर दिया।
दुकानदारों ने निगम प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला दुकानदार भी शामिल हैं। इनमें सबसे अधिक वे महिलाएं हैं, जो दीपावली के अवसर पर मिट्टी के दीये, मिट्टी के बर्तन, सजावटी सामान और अन्य पारंपरिक सामग्री बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करती हैं। दुकानदारों का कहना है कि दीपावली का त्योहार उनके लिए वर्षभर की कमाई का महत्वपूर्ण अवसर होता है, लेकिन इस बार हाट बाजार की व्यवस्था के चलते उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
दुकानदारों का आरोप है कि प्रशासन ने कंपनी बाग मार्ग पर हाट बाजार तो लगा दिया लेकिन पुराने थड़ी दुकानदारों को उनके परंपरागत बाजार में दुकान लगाने से रोका जा रहा है। इससे उनका कारोबार प्रभावित हो रहा है। खासकर मिट्टी के सामान बेचने वाले छोटे दुकानदारों और महिला व्यापारियों की परेशानी बढ़ गई है।
दुकानदारों का कहना है कि वे कई पीढ़ियों से दीपावली के अवसर पर शहर के बाजार में दुकान लगाते आ रहे हैं। यह केवल पांच दिन के कारोबार का मामला नहीं, बल्कि उनके परिवारों की आजीविका से जुड़ा सवाल है।
धरने पर बैठे दुकानदारों ने प्रशासन से अपनी समस्या का समाधान करने और दीपावली के दौरान परंपरागत रूप से दुकान लगाने का अवसर देने की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित