नोएडा , नवंबर 04 -- दिवाली के त्योहार को देखते हुए उत्तर प्रदेश में नोएडा में पटाखों की बिक्री को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस बार पटाखा विक्रेताओं को शहर के दो सेक्टरों में चिह्नित खाली स्थानों पर दुकानें लगाने की अनुमति देने की तैयारी की जा रही है।
इस संबंध में नोएडा के अपर पुलिस उपायुक्त अभय कुमार मिश्र और मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार ने पटाखा कारोबारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में पटाखों की बिक्री, सुरक्षा व्यवस्था, अग्निशमन इंतजाम और लाइसेंस आवंटन की प्रक्रिया को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
उन्होंने बैठक के दौरान बताया कि पटाखों की अस्थायी दुकानों के लिए अब तक कुल 80 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। सभी आवेदनों पर निर्धारित नियमों और मानकों के अनुसार विचार किया जाएगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पटाखा बिक्री की अनुमति देने की पूरी प्रक्रिया माननीय सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही अमल में लाई जाएगी। किसी भी विक्रेता को नियमों का उल्लंघन कर पटाखे बेचने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
उन्होंने पटाखा विक्रेताओं को बताया कि दुकानों के लिए स्थान का चयन करते समय सुरक्षा मानकों को प्राथमिकता दी जाएगी। दो सेक्टरों में खाली पड़े स्थानों पर अस्थायी बाजार लगाने की व्यवस्था प्रस्तावित है, ताकि पटाखों की बिक्री एक निर्धारित क्षेत्र में व्यवस्थित तरीके से हो सके। इससे शहर के अन्य हिस्सों में अनधिकृत रूप से पटाखों की दुकानें लगाने पर भी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार ने अग्नि सुरक्षा के महत्व पर जोर देते हुए विक्रेताओं को आवश्यक सावधानियों का पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि पटाखों की दुकानों पर आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम होना बेहद जरूरी है। दुकानों के आसपास ज्वलनशील सामग्री नहीं रखी जानी चाहिए और निर्धारित सुरक्षा दूरी का भी ध्यान रखना होगा। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन व्यवस्था को दुरुस्त रखना आवश्यक होगा।
अपर पुलिस उपायुक्त मिश्र ने कानून-व्यवस्था और निर्धारित नियमों के पालन को लेकर विक्रेताओं को जागरूक किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पटाखों की बिक्री केवल अधिकृत दुकानों और निर्धारित स्थानों पर ही की जा सकेगी। बिना अनुमति दुकान लगाने या नियमों के विपरीत पटाखों की बिक्री करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित