श्रीगंगानगर , मार्च 24 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर में जिला पुलिस ने जिले में तैनात पुलिस कर्मियों के वेतन में एक दिन की कटौती करके एकत्रित हुई 28 लाख रुपये की राशि दिवंगत महिला पुलिस निरीक्षक ज्योति नायक की पुत्री को दी है।

पुलिस सू्त्रों ने मंगलवार को बताया कि श्रीगंगानगर में महिला थाना की प्रभारी रही पुलिस निरीक्षक ज्योति नायक की विगत 11 फरवरी को बड़े तड़के पुलिस की गाड़ी में गश्त करते समय एक कार की टक्कर लगने से मौत हो गई थी।

श्रीमती ज्योति नायक की ड्यूटी के दौरान सड़क दुर्घटना में आकस्मिक मौत हो जाने पर 16 फरवरी को रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित जिला स्तरीय स्टाफ काउंसिल बैठक में सहानुभूति, संवेदना एवं सांत्वना स्वरूप उनकी इकलौती पुत्री की शिक्षा एवं उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के वेतन से एक दिवस का वेतन काटकर उक्त राशि से उनकी पुत्री के नाम बैंक एफडी करवाने का प्रस्ताव रखा गया, जिस का सर्वसम्मति से अनुमोदन किया गया था।

इसी क्रम में आज पुलिस अधीक्षक हरीशंकर ने ज्योति नायक के निवास स्थान पर पहुंचकर उनकी पुत्री एवं परिजनों को 28 लाख का चेक भेंट किया गया और पुत्री के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।इस अवसर पर सहायक पुलिस अधीक्षक (शहर) विशाल जांगिड़ एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रघुवीर प्रसाद, अतिरिक्त पुलिस लेखाधिकारी दीपसिंह भी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित