गिरिडीह , सितम्बर 07 -- झारखंड सरकार के नगर विकास एवं उच्च तकनीकी शिक्षा मंत्री सह गिरिडीह सदर विधायक सुदिव्य कुमार सोनू के निधन के दूसरे दिन सोमवार को राज्य के जिलों में शोक सभा का दौर जारी रहा।
वहीं उनके आवास पर भी शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए भाजपा, कांग्रेस सहित विभिन्न दलों के प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर के नेताओं का आने का सिलसिला जारी रहा। सोमवार को झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री सह विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी दिवगंत सुदिव्य कुमार के आवास पर पहुंचे और उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदना भी व्यक्त की।
मौके पर श्री मरांडी ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए सुदिव्य कुमार के निधन को झारखंड की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विचारधारा और पार्टी अलग होने के बावजूद दोनों के बीच हमेशा संवाद होता था। कहा कि विधानसभा में राजनीतिक बहस के दौरान उनका मुखर अंदाज, सरकार के पक्ष को मजबूती के साथ रखने के साथ विपक्ष के सवालों का वे बेबाक अंदाज में जवाब देते थे। उन्होंने शोकाकुल परिवार को इस कठिन घड़ी में धैर्य रखने की सांत्वना दी और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित