गिरिडीह , सितम्बर 17 -- झारखंड के दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार के द्वादश कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गुरुवार को राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियां गिरिडीह पहुंचे।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के अलावे मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, दीपिका पांडेय सिंह, दीपक बिरुआ, इरफान अंसारी और हफीजुल हसन, गांडेय विधायक कल्पना सोरेन समेत कई मंत्री व विधायक के अलावे कई वरिष्ठ नेता गिरिडीह पहुंचे और हरसिंगरायडीह स्थित उनके आवास उत्सव उपवन पहुंचकर दिवंगत सुदिव्य कुमार सोनू को श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री श्री सोरेन ने दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को याद करते हुए कहा कि उनके असमय निधन से केवल गिरिडीह ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड को अपूर्णीय क्षति हुई है। कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू झारखंड मुक्ति मोर्चा के मजबूत स्तंभ थे और संगठन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका थी। वे संगठन और सरकार, दोनों स्तरों पर अपनी जिम्मेदारियों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ निभाया करते थे। उनके ऐसे असमय चले जाने से जो रिक्तता उत्पन्न हुई है, उसकी भरपाई संभव नही है।
श्री सोरेन ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू के साथ उनका लंबे समय से राजनीतिक और व्यक्तिगत जुड़ाव रहा था और उनके निधन से व्यक्तिगत रूप से भी गहरा आघात पहुंचा है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत अन्य नेताओं का आगमन गिरिडीह के बोडो हवाई अड्डे पर हुआ। यहां से मुख्यमंत्री और उनके साथ पहुंचे मंत्री एवं विधायक सड़क मार्ग से हरसिंगरायडीह स्थित उत्सव उपवन पहुंचे।
आवास पर आयोजित द्वादश कार्यक्रम में दिवंगत मंत्री स्व. कुमार की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान सत्ता पक्ष के मंत्री व विधायकों के अलावे विपक्ष के कोडरमा विधायक नीरा यादव सहित कई अन्य विधायक और जनप्रतिनिधियों ने भी शिरकत की और दिवगंत सुदिव्य कुमार सोनू को श्रद्धांजलि दी और उनके परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।
द्वादश कार्यक्रम के एक दिन पहले मुख्यमंत्री की पत्नी व गांडेय के विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन गिरिडीह पहुंचकर उत्सव उपवन पहुंच कर तैयारियों का जायजा लिया औऱ अपनी देखरेख में ही तैयारी करवायी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित