देहरादून , अक्तूबर 25 -- उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी की अध्यक्षता में पत्रकार कल्याण कोष (कॉरपस फंड) एवं मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना से संबंधित समितियों की बैठक में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। जिसमें चार दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों को पांच-पांच लाख रुपए, एक गम्भीर रोगग्रस्त वरिष्ठ पत्रकार के उपचार के लिए पांच लाख रूपए की सहायता कार्पस फंड से दिए जाने की संस्तुति की गई। इसके अलावा चार वरिष्ठ पत्रकारों को प्रतिमाह अंकन आठ हजार रूपए पेंशन भी स्वीकृत की गई।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की रविवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, सूचना महानिदेशक श्री तिवारी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की अध्यक्षता करते हुए विभिन्न प्रकरणों की समीक्षा की तथा पत्रकारों के कल्याण एवं सम्मान से संबंधित मामलों पर विचार-विमर्श किया। बैठक में श्री तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप राज्य सरकार पत्रकारों के कल्याण, सम्मान एवं सहायता के लिए प्रतिबद्ध है। सूचना विभाग द्वारा संकटग्रस्त पत्रकारों तथा उनके आश्रितों को यथासंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए तत्परता से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के कल्याण से जुड़े प्रकरणों पर नियमित रूप से समिति की बैठकें आयोजित कर पूरी संवेदनशीलता के साथ विचार किया जा रहा है, ताकि पात्र पत्रकारों एवं उनके परिजनों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

बैठक में सूचना विभाग के अपर निदेशक आशीष कुमार त्रिपाठी, संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी चंद्र सिंह तोमर, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी चेतन कुमार पाण्डेय तथा पत्रकार कल्याण कोष समिति के सदस्य गिरीश तिवारी, अमित शर्मा एवं शशि शर्मा उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित