जशपुर , जुलाई 05 -- छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सुलेसा में एक दिवंगत पंच की पत्नी ने सरपंच पर शासकीय निर्माण कार्यों के लिए रखी गई निर्माण सामग्री गायब करने का आरोप लगाते हुए पुलिस और प्रशासन से निष्पक्ष जांच एवं कार्रवाई की मांग की है। पुलिस और जनपद पंचायत प्रशासन ने शिकायत के आधार पर जांच कराने की आज बात कही है।
मृतक पंच टंकेश्वर राजवाड़े की पत्नी संगीता राजवाड़े ने शिकायत में कहा है कि उनके पति ग्राम पंचायत सुलेसा के वार्ड क्रमांक-2 के पंच थे और प्रधानमंत्री आवास सहित विभिन्न शासकीय विकास कार्यों के लिए निर्माण सामग्री की व्यवस्था कर रहे थे। पंचायत सचिव से चर्चा के बाद सीमेंट, सरिया, सेंटरिंग सामग्री, पुट्टी, तार सहित अन्य निर्माण सामग्री पंचायत भवन के समीप स्थित साक्षर भारत भवन में सुरक्षित रखी गई थी।
शिकायत के अनुसार, निर्माण सामग्री रखने के कुछ समय बाद टंकेश्वर राजवाड़े की तबीयत बिगड़ गई और उपचार के दौरान 8 अप्रैल 2026 को उनका निधन हो गया। इसके बाद जब संगीता राजवाड़े भवन में रखी सामग्री देखने पहुंचीं तो पहले लगा ताला टूटा हुआ मिला तथा उसकी जगह दूसरा ताला लगा हुआ था। उनका आरोप है कि भवन में रखी लगभग 200 बोरी सीमेंट, 10 बोरी पुट्टी, सरिया, सेंटरिंग सामग्री, तार सहित अन्य निर्माण सामग्री गायब थी। शिकायत में सरपंच कमलेश्वर पैंकरा पर ताला तोड़कर सामग्री हटाने का आरोप लगाया गया है।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि शिकायत लेकर वे दो दिनों तक पंडरापाठ पुलिस चौकी के चक्कर लगाते रहे, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई। परिवार का कहना है कि वरिष्ठ अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद उनकी शिकायत दर्ज की गई। उनका यह भी कहना है कि दिवंगत पंच द्वारा गांव के विकास के लिए जुटाई गई सामग्री के गायब होने से परिवार आर्थिक और मानसिक रूप से परेशान है तथा न्याय के लिए लगातार अधिकारियों के चक्कर लगाने को मजबूर है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित