नयी दिल्ली , अक्टूबर 23 -- दिल्ली हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क अधिकारियों ने 23 किलोग्राम से अधिक गांजा बरामद किया है जिसका बाजार मूल्य करीब 8.12 करोड़ रुपये है।

वित्त मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि 13-14 अक्टूबर की रात दिल्ली सीमा शुल्क के एयर कार्गो परिसर इम्पोर्ट्स कमिश्नरेट के अधिकारियों ने यह बरामदगी की है। शुरुआती जांच से पुष्टि हुई है कि बरामद पदार्थ 'हाइड्रोपोनिक मारिजुआना' (एक प्रकार का गांजा) है। बरामद खेप का कुल वजन 23.220 किलोग्राम है।

आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार जब्त किये गये नशीले पदार्थों की बाजार कीमत लगभग 8.12 करोड़ रुपये आंकी गयी है, जबकि कालाबाजार में यह लगभग 23 करोड़ रुपये तक का हो सकता है। तस्करी के लिए इस्तेमाल की गयी पैकिंग सामग्री और इस प्रतिबंधित सामग्री को जब्त कर लिया गया है।

आयातक की मौजूदगी में जब इस खेप की बारीकी से जांच की गयी, तो लकड़ी के पैलेट पर लगे कई लैंप मिले। देखने में तो सामान सामान्य लग रहा था, लेकिन एक्स-रे इमेजिंग में कुछ असामान्य पैटर्न दिखायी दिये। इसके बाद अधिकारियों ने लकड़ी के पैलेट के निचले हिस्से को खोला, तो उसके अंदर वैक्यूम-सीलबंद 23 पैकेट मिले। इन पैकेटों में हरे पत्तों वाला नशीला पदार्थ दबाकर छिपाया गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित