नयी दिल्ली , जनवरी 15 -- दिल्ली हवाई अड्डे पर गुरुवार को एयर इंडिया के एक विमान के इंजन ने टैक्सी करते समय "अवांछित वस्तु" को खींच लिया जिससे इंजन को नुकसान पहुंचा है।
एयर इंडिया के एक प्रवक्ता ने बताया कि उड़ान संख्या एआई101 ने दिल्ली से न्यूयॉर्क के लिए उड़ान भरी थी। इसके कुछ ही देर बाद ईरान द्वारा उसके हवाई क्षेत्र वाणिज्यिक विमानों के लिए बंद किये जाने से विमान को वापस लौटना पड़ा। दिल्ली हवाई अड्डे पर लैंडिंग के बाद टैक्सी करते समय "घने कोहरे में" टैक्सी करते समय विमान के इंजन में एक "अवांछित वस्तु" जाने से दाहिने इंजन को नुकसान पहुंचा है।
सूत्रों के अनुसार, विमान में 250 से अधिक यात्री सवार थे।
प्रवक्ता ने जारी बयान में कहा कि विमान को पार्किंग स्टैंड तक सुरक्षित ले जाया गया और सभी यात्रियों तथा चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित उतारा गया।
यह एयरबस का ए350 विमान है। विमान को जांच और मरम्मत के लिए सेवा से बाहर कर दिया गया है।
प्रवक्ता ने बताया कि इससे ए350 विमान वाले कुछ मार्गों पर उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं। उन्होंने बताया कि प्रभावित यात्रियों से संपर्क कर उन्हें वैकल्पिक बुकिंग और रिफंड का विकल्प दिया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित