नयी दिल्ली , अक्टूबर 15 -- दिल्ली और आसपास के इलाकों में गुरुवार दोपहर बाद हुई तेज बारिश के बीच कम से कम पांच उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा।
दिल्ली हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने बताया कि चार उड़ानों को जयपुर और एक को नोएडा डायवर्ट किया गया। इनमें तीन उड़ानें एयर इंडिया की, एक एयर इंडिया एक्सप्रेस की और एक माल वाहक उड़ान शामिल है।
एयर इंडिया की डायवर्ट की गई उड़ानें अहमदाबाद, भोपाल और बेंगलुरु से दिल्ली आ रही थीं। एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान भुवनेश्वर से आयी थी जबकि मालवाहक उड़ान मकाओ से आई थी।
दिल्ली और आसपास के इलाकों में आज दोपहर बाद तेज बारिश हुई। इससे हवाई अड्डे पर विमानों को डायवर्ट करने के अलावा कुछ विमानों के परिचालन में देरी की भी सूचना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित