रायपुर , अप्रैल 09 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दिल्ली प्रवास से लौटने के बाद गुरुवार को कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात कर राज्य के विभिन्न मुद्दों, विशेषकर बस्तर क्षेत्र के विकास को लेकर विस्तृत चर्चा की।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि लंबे समय से नक्सल प्रभावित रहे बस्तर में अब हालात तेजी से सामान्य हो रहे हैं और क्षेत्र को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए व्यापक विकास योजनाएं तैयार की गई हैं। उन्होंने इस दिशा में केंद्र सरकार के सहयोग के लिए प्रधानमंत्री के प्रति आभार भी व्यक्त किया।

उन्होंने बताया कि बस्तर के समग्र और संतुलित विकास के लिए एक विस्तृत खाका प्रधानमंत्री को सौंपा गया है जिसमें आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार सृजन जैसे प्रमुख क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि उन्होंने प्रधानमंत्री को मानसून के बाद बस्तर आने का आमंत्रण दिया है, जहां प्रस्तावित विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया जा सकता है।

दिल्ली दौरे के दौरान मुख्यमंत्री साय ने भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से भी मुलाकात की। असम में होने वाले चुनावों को लेकर उन्होंने विश्वास जताया कि वहां पार्टी की स्थिति मजबूत है और भाजपा सरकार बनने की संभावना प्रबल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित