देहरादून , मार्च 26 -- घरवालों से नाराज होकर दिल्ली से उत्तराखंड के देहरादून पहुंची तीन नाबालिग सगी बहनों को देहरादून पुलिस ने सकुशल परिजनों के हवाले कर दिया है।

गुरुवार को पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना नेहरू कॉलोनी को स्थानीय व्यक्तियों ने सूचना दी कि देहरादून के रिस्पना पुल के पास तीन नाबालिग बालिकाएं इधर-उधर घूम रही हैं। प्राप्त सूचना के आधार पर थाना नेहरू कॉलोनी से महिला पुलिस कर्मियों को तत्काल मौके पर भेजा गया,लेकिन तीनों नाबालिग वहां नहीं मिलीं।

उसके बाद पुलिस ने नाबालिगों की रिस्पना पुल के आसपास तलाश शुरू कर दी, तभी तीनों बालिकाएं विधानसभा तिराहे के आसपास घूमते हुए पाई गईं। जिन्हें महिला पुलिसकर्मी सुरक्षा के दृष्टिकोण से थाने ले आईं।, उनसे मिली जानकारी से पता चला कि तीनों सगी बहने हैं और अपने परिजनों से नाराज होकर घर से दिल्ली स्थित अनाजमंडी से देहरादून पहुंच गईं।

नेहरू कॉलोनी पुलिस ने जब दिल्ली के सदर बाजार थाने में संपर्क किया तो मालूम चला कि तीनों की थाना सदर बाजार में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज है।

उसके बाद पुलिस ने तीनों के परिजनों को मोबाइल से देहरादून में होने की जानकारी दी गई ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित