, April 22 -- नयी दिल्ली, 22 अप्रैल वार्ता दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने कहा कि इंटर-स्टेट इलेक्ट्रिक बसों को मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया को देखते हुए दिल्ली से रेवाड़ी, दिल्ली से करनाल, दिल्ली से अलवर और दिल्ली से जेवर जैसे नए मार्ग पर जल्द सेवाएं शुरू करने की योजना हैं।

डॉक्टर पंकज ने दिल्ली परिवहन विभाग की समीक्षा बैठक में बुधवार को देवी इलेक्ट्रिक बसों के लिए चल रहे रूट रेशनलाइजेशन के काम में दिल्ली ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन के कर्मचारियों के वर्षों के अनुभव को भी शामिल करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि रूट रेशनलाइजेशन की प्रक्रिया में आईआईटी दिल्ली द्वारा किए जा रहे विस्तृत रूट विश्लेषण के साथ ही जमीनी आकलन को शामिल करना बेहद जरूरी है। दिल्ली ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन के अनुभवी ड्राइवरों, कंडक्टरों और बस डिपो प्रबंधकों के सुझावों से लास्ट-माइल कनेक्टिविटी को और ज्यादा मजबूत और बेहतर बनाने के साथ यात्रियों के अनुभव में सुधार लाया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि हमारे डीटीसी कर्मचारियों का अनुभव बेहद महत्वपूर्ण है, जिनकी विशेषज्ञता रूट रेशनलाइजेशन के अध्ययन को और अधिक बेहतर बनाएगी। इससे अधिक से अधिक यात्री पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन का उपयोग कर सकेंगे, जिससे सड़कों पर भीड़ और जाम की समस्या कम होगी और प्रदूषण में भी उल्लेखनीय कमी आएगी।

दिल्ली सरकार की इलेक्ट्रिक मोबिलिटी पहल की प्रगति पर प्रकाश डालते हुए परिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने आगे बताया कि डीटीसी की इंटर-स्टेट इलेक्ट्रिक बस सेवाओं को यात्रियों का शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है। वर्तमान में दिल्ली-बड़ौत, (उत्तर प्रदेश), दिल्ली-सोनीपत, दिल्ली-धारूहेड़ा, दिल्ली-पानीपत (हरियाणा) और नानकसर-गाजियाबाद बस टर्मिनल (उत्तर प्रदेश) जैसे प्रमुख रूट्स पर बस सेवाएं संचालित हो रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित