नयी दिल्ली , मई 05 -- दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने मंगलवार को कहा कि दिल्ली सरकार ने करीब 1,131 वोकेशनल शिक्षकों का वेतन बढ़ाकर 38,100 रुपये और समग्र शिक्षा अभियान के तहत पढ़ाने वाले शिक्षकों के वेतन को 21,000 रुपये से बढ़ाकर 35,420 रुपये प्रति माह कर दिया है।

श्रीमती गुप्ता ने कहा कि आज कैबिनेट में वोकेशनल शिक्षकों एवं समग्र शिक्षा अभियान के तहत संचालित विशेष प्रशिक्षण केंद्रों में कार्यरत शिक्षकों के वेतन में भी महत्वपूर्ण वृद्धि की मंजूर की गई है। उन्होंने बताया कि दिल्ली में करीब 1,131 वोकेशनल शिक्षक कई विधाओं की ट्रेनिंग देते हैं। इनका वेतन बढ़ाकर 38,100 रुपये किया जा रहा है। पहले इन्हें 20,000 से लेकर 23,000 रुपये ही मिलते थे। वहीं, समग्र शिक्षा अभियान के तहत वर्तमान में संचालित कुल 784 केंद्रों में पढ़ाने वाले शिक्षकों के वेतन में भी वृद्धि की गई है। इन केंद्रों में तैनात सभी शिक्षकों का वेतन 21,000 रुपये प्रति माह से बढ़ाकर 35,420 रुपये प्रति माह कर दिया गया है। इन केंद्रों में स्कूल से बाहर (आउट ऑफ स्कूल) बच्चों को शिक्षा से जोड़ा जाता है और उन्हें मुख्यधारा में लाने के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब समग्र शिक्षा अभियान के शिक्षकों को प्राइमरी और अपर प्राइमरी शिक्षकों के बराबर वेतन मिलेगा। यह निर्णय केवल वेतन वृद्धि नहीं है, बल्कि उन शिक्षकों के समर्पण और मेहनत का सम्मान है, जो चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में बच्चों को शिक्षा से जोड़ने का काम कर रहे हैं। इन सभी शिक्षकों के वेतन में बढ़ोतरी होने से न केवल उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, बल्कि उनका मनोबल भी बढ़ेगा। जब शिक्षक संतुष्ट और प्रेरित होंगे, तभी वे बच्चों को बेहतर गुणवत्ता की शिक्षा दे पाएंगे।

उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार का स्पष्ट लक्ष्य है कि राजधानी का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। विशेष प्रशिक्षण केंद्र उन बच्चों के लिए उम्मीद की किरण हैं, जो कभी स्कूल नहीं गए या बीच में पढ़ाई छोड़ चुके हैं। इन बच्चों को मुख्यधारा में लाना हमारी प्राथमिकता है और इसमें शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। सरकार इन केंद्रों की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि नियमित मॉनिटरिंग, अभिभावकों की काउंसलिंग और विभिन्न विभागों के साथ समन्वय के माध्यम से यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि हर बच्चे तक शिक्षा पहुंचे। सरकार का उद्देश्य केवल बच्चों को स्कूल में लाना नहीं, बल्कि उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित करना और उनके भविष्य को सुरक्षित बनाना है। दिल्ली सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार सुधार और नवाचार के लिए प्रतिबद्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित