नयी दिल्ली , सितंबर 19 -- सरकार ने दिल्ली, जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख, झारखंड और कर्नाटक उच्च न्यायालयों में 14 न्यायिक अधिकारियों को न्यायाधीश और अतिरिक्त " न्यायाधीश नियुक्त किया है।

विधि एवं न्याय मंत्रालय की शनिवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उच्चतम न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश से परामर्श करने के बाद इन नियुक्तियों को मंजूरी प्रदान की है। न्यायिक अधिकारी श्रीमती निवेदिता अनिल शर्मा और श्रीमती निशा सहाय सक्सेना को दिल्ली उच्च न्यायालय में न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। न्यायिक अधिकारी श्री संजय शर्मा, श्री भरत पराशर, डॉ. (श्रीमती) अदिति चौधरी, श्री दिनेश भट्ट और श्री अरुण भारद्वाज को इसी न्यायालय में अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।

न्यायिक अधिकारी श्री यश पॉल बॉर्नी जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख उच्च न्यायालय में न्यायाधीश नियुक्ति किये गये हैं।

न्यायिक अधिकारी श्री मनोज प्रसाद, श्री अखिल कुमार और श्री राम शर्मा झारखंड उच्च न्यायालय में न्यायाधीश बनाये गये हैं।

इसी तरह श्रीमती उषारानी, श्री के. एस. भरत कुमार और श्रीमती नेराले वी. भवानी को कर्नाटक उच्च न्यायालय में अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित