नयी दिल्ली , सितंबर 16 -- युवा कांग्रेस ने बुधवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों के लिए सुरक्षित, किफायती और पर्याप्त हॉस्टल सुविधाओं की मांग को लेकर मार्च निकाला।

मार्च में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और दिल्ली युवा कांग्रेस अध्यक्ष अक्षय लाकड़ा समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।

इस मौके पर श्री चिब ने छात्रों से संवाद कर हॉस्टल की कमी, बढ़ते किराये, सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि दूसरे राज्यों से दिल्ली पढ़ने आने वाले छात्रों के लिए हॉस्टल विलासिता नहीं, बल्कि बुनियादी जरूरत है। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन और सरकार से घोषणाओं के बजाय लंबित हॉस्टल परियोजनाओं में तेजी लाने की मांग की। उन्होंने कहा कि महंगे और असुरक्षित निजी आवास का सबसे अधिक असर सामान्य एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के छात्रों पर पड़ रहा है।

श्री चिब ने छात्रों से डूसू चुनाव में एनएसयूआई पैनल का समर्थन करने की अपील भी की।

मार्च आर्ट्स फैकल्टी से शुरू होकर किरोड़ीमल कॉलेज पर समाप्त हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित