पीलीभीत , अप्रैल 06 -- दिल्ली विधानसभा में बैरिकेडिंग तोड़कर घुसने की कोशिश करने वाले सर्वजीत सिंह के पीलीभीत स्थित घर पर पुलिस ने पहुंचकर परिजनों से पूछताछ की।

पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रतीक दहिया और कोतवाली प्रभारी पवन पांडे ने सर्वजीत की पत्नी मंदीप कौर सहित परिजनों से बातचीत की। परिजनों ने बताया कि सर्वजीत की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और उसका इलाज शाहजहांपुर के एक अस्पताल में चल रहा है।

उन्होने बताया कि सर्वजीत अपने भांजे हरमनदीप की तलाश में दिल्ली गया था, जो एक अप्रैल से लापता है। दिल्ली पहुंचने के बाद उसने विधानसभा की बैरिकेडिंग तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास किया, जहां सुरक्षा एजेंसियों ने उसे पकड़ लिया। पुलिस का कहना है कि सर्वजीत का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। फिलहाल उसके संपर्कों और घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित