नयी दिल्ली , मार्च 19 -- दिल्ली विधानसभा ने अपने कार्य संचालन को अधिक प्रभावी, सटीक और आधुनिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए गुरुवार को एआई-सक्षम चैटबॉट 'विधान साथी' को लॉन्च किया है।
दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने विधानसभा परिसर में संवाददाता सम्मेलन में इसकी घोषणा की और बताया कि यह प्रणाली आगामी बजट सत्र से लागू की जाएगी। उन्होंने कहा कि विधायकों को सीमित समय में जटिल विधायी और नीतिगत विषयों पर विचार करना होता है। ऐसे में 'विधान साथी' एक समर्पित विधायी अनुसंधान एवं सहायता उपकरण के रूप में कार्य करेगा, जो उन्हें स्पष्ट, संदर्भित और विश्वसनीय जानकारी उपलब्ध कराकर सदन में होने वाली चर्चाओं को अधिक तथ्यात्मक, सारगर्भित और प्रभावशाली बनाएगा। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि दिल्ली विधानसभा देश की पहली विधायिका है, जिसने अपने सदस्यों के लिए इस प्रकार का एआई-सक्षम चैटबॉट विकसित किया है।
उन्होंने कहा कि इस प्लेटफॉर्म का उद्देश्य सिर्फ दस्तावेज उपलब्ध कराना नहीं है, बल्कि जटिल विषयों को समझने और उनका सही विश्लेषण करने में मदद करना है, ताकि सदस्य सदन में तथ्यों पर आधारित और स्पष्ट रूप से अपने विचार रख सकें।"विधान साथी" को उपयोग को सरल बनाने के लिए प्रत्येक सदस्य की डेस्क पर एक विशेष क्यूआर कोड उपलब्ध कराया जाएगा, साथ ही एक डिजिटल लिंक भी प्रदान किया जाएगा, जिससे किसी अतिरिक्त डाउनलोड या प्रक्रिया की आवश्यकता नहीं होगी। यह सुविधा केवल विधानसभा के 70 सदस्यों के लिए सुरक्षित रूप से उपलब्ध कराई जाएगी।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि यह प्लेटफॉर्म विधानसभा के नियमों, पूर्व बहसों, समिति रिपोर्टों और विधायी अभिलेखों पर आधारित है, जिससे प्राप्त जानकारी प्रासंगिक और संस्थागत रूप से सटीक बनी रहती है। यह हिंदी और अंग्रेज़ी दोनों भाषाओं में उपलब्ध है तथा वॉइस-सक्षम सुविधाओं से भी लैस है, जिससे कार्यवाही के दौरान इसका उपयोग और सहज रूप से हो सकेगा।
विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने स्पष्ट किया कि 'विधान साथी' सदस्यों के स्वतंत्र निर्णय या विमर्श की भूमिका का स्थान नहीं लेता, बल्कि उनकी क्षमता को और सुदृढ़ करने का एक सहायक माध्यम है। अगले चरण में इसे राष्ट्रीय ई-विधान एप्लिकेशन (नेवा) के साथ जोड़ा जाएगा, जिससे विधानसभा के पेपरलेस तंत्र को और सशक्त किया जा सकेगा।
श्री गुप्ता ने यह भी जानकारी दी कि दिल्ली विधानसभा के आठवें कार्यकाल का बजट सत्र 23 मार्च (सोमवार) से प्रारंभ होगा, जिसका एजेंडा कल बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक में तय किया जाएगा। इस सत्र में विशेषाधिकार समिति, लोक लेखा समिति की रिपोर्टों तथा नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) से संबंधित विषयों पर चर्चा सहित विभिन्न विधायी कार्य संपन्न होंगे। साथ ही, सदन की कार्यवाही के दौरान 'वंदे मातरम्' गीत का पूरा गायन होगा जिससे संस्थागत भावना और सामूहिक संकल्प को बल मिलेगा।
उन्होंने कहा कि दिल्ली विधानसभा अब पूर्णतः सौर ऊर्जा संचालित संस्था बन चुकी है और इसकी क्षमता को लगभग 800 किलोवाट तक बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने यह भी संतोष व्यक्त किया कि पिछले दो सत्रों में विधानसभा पूरी तरह पेपरलेस तरीके से संचालित हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित