नयी दिल्ली , अगस्त 10 -- दिल्ली के पर्यावरण, वन एवं वन्यजीव तथा उद्योग मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने सोमवार को विधानसभा में कहा कि दिल्ली लक्ष्मी योजना महज एक कल्याणकारी योजना नहीं, बल्कि यहां की महिलाओं को आर्थिक मजबूती और सामाजिक सशक्तिकरण प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

श्री सिरसा ने आज सदन में कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद से ही महिलाओं को सशक्त बनाना, उन्हें आर्थिक एवं सामाजिक रूप से मजबूत करना तथा उनके परिवारों के लिए बेहतर और सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करना दिल्ली सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में रहा है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता केवल दिल्ली लक्ष्मी योजना तक सीमित नहीं है। दिल्ली सरकार ने दुर्गा योजना, पालना योजना और पिंक सहेली कार्ड योजना सहित कई महत्वपूर्ण पहलों को शुरू और सुदृढ़ किया है। बेटियों को मुफ्त साइकिल भी उपलब्ध करायी जा रही हैं तथा महिलाओं को नाइट शिफ्ट में सुरक्षित तरीके से काम करने के लिए कानूनी प्रावधान भी सुनिश्चित किये गये हैं।

उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार द्वारा शुरू की जा रही जनकल्याणकारी और महिला-केंद्रित योजनाओं को लेकर विपक्ष की बढ़ती बेचैनी उसके बयानों और प्रतिक्रियाओं से स्पष्ट दिखायी दे रही है। उन्होंने कहा कि जनता के हित में लागू की जा रही योजनाओं की सराहना करने के बजाय विपक्ष ऐसी योजनाओं में खामियां निकालने और लोगों के बीच भ्रम पैदा करने का प्रयास कर रहा है, जो महिलाओं को सशक्त और परिवारों को मजबूत बनाने का काम कर रही हैं। उन्होंने कहा, "विपक्ष इसलिए असुरक्षित हो रहा है क्योंकि दिल्ली की जनता वादों और उनके क्रियान्वयन के बीच का अंतर देख रही है। जैसे-जैसे योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंच रहा है, वैसे-वैसे विपक्ष भ्रम फैलाने के लिए और अधिक बेचैन होता जा रहा है।"श्री सिरसा ने कहा कि वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने दिल्ली की महिलाओं को लक्ष्मी योजना के तहत 2,500 प्रतिमाह देने का संकल्प लिया था। इस संकल्प को पूरा करने के लिए दिल्ली सरकार ने अपने पहले बजट में 5,100 करोड़ का प्रावधान किया। उन्होंने कहा, "यह केवल Rs.2,500 प्रतिमाह की सहायता नहीं है, बल्कि प्रत्येक पात्र महिला के लिए 30,000 प्रतिवर्ष की आर्थिक सहायता है। हमने केवल अपना वादा पूरा नहीं किया है, बल्कि अपनी बहनों और बेटियों को वास्तविक आर्थिक मजबूती प्रदान करने की दिशा में कदम बढ़ाया है।"विपक्ष पर निशाना साधते हुए श्री सिरसा ने कहा कि यह विडंबना है कि विपक्ष के विधायक स्वयं दिल्ली लक्ष्मी योजना के आवेदन की प्रक्रिया में भाग ले रहे हैं और योजना का प्रचार कर रहे हैं, जबकि उनके नेता लगातार इस योजना की आलोचना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार अपने कार्यकाल के दौरान महिलाओं के लिए ऐसी कोई महिला केंद्रित योजना लाने में विफल रही। बहन-बेटियों से झूठे वादे करने वाले आज किस मुँह से हमसे सवाल कर रहे हैं, पहले 1,000 देने का वादा किया, फिर 2,100 देने का वादा किया.लेकिन एक रुपया तक नहीं दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित