मुरादाबाद , अक्टूबर 06 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद के सुनियोजित विकास व सुगम यातायात और खेल सुविधाओं को नई दिशा देने के लिए मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (एमडीए) बोर्ड ने कई महत्वपूर्ण फैसलों पर अपनी मुहर लगा दी है। मंगलवार को एमडीए कार्यालय के सभागार में मंडलायुक्त संगीता सिंह की अध्यक्षता में आयोजित प्राधिकरण बोर्ड की 144वीं बैठक में शहर के चौमुखी विकास से जुड़े अनेक प्रमुख प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक का मुख्य केंद्र बिंदु शहर का नियोजित आवासीय विस्तार रहा। इसके तहत गुरु जम्भेश्वर यूनिवर्सिटी के समीप लगभग 100 हेक्टेयर क्षेत्रफल में एक नई अत्याधुनिक आवासीय कॉलोनी विकसित करने की योजना को मंजूरी दी गई। इस प्रस्तावित कॉलोनी में भविष्य की नागरिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए उच्चस्तरीय आधारभूत ढांचे, चौड़ी सड़कों और आधुनिक नागरिक सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा, जिससे शहर के इस क्षेत्र में योजनाबद्ध विकास को गति मिलेगी।

महानगर की कनेक्टिविटी और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए भी कई बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स को हरी झंडी दिखाई गई। बोर्ड ने दिल्ली रोड को नया मुरादाबाद योजना से सीधा जोड़ने के उद्देश्य से गागन नदी पर एक नए पुल के निर्माण के प्रस्ताव को स्वीकृति दी। इसके अतिरिक्त, सिकंदरपुर के रास्ते रिंग रोड को जोड़ने वाली लगभग 5 किलोमीटर लंबी और 60 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण कार्य भी जल्द शुरू होगा। साथ ही, खुशहालपुर से 60 मीटर रोड तक 36 मीटर चौड़े मार्ग के निर्माण पर भी महत्वपूर्ण सहमति बनी। इन सभी सड़क और पुल परियोजनाओं से आने वाले समय में शहर के यातायात दबाव में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

एमडीए बोर्ड ने गोविंदपुरम के बुनियादी ढांचे और जनसुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया है। बैठक में गोविंदपुरम फेज-2 के सर्वांगीण विकास की समीक्षा करते हुए आगे की कार्ययोजना तय की गई। इसके अलावा, स्थानीय खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के लिए गोविंदपुरम में एक आधुनिक इनडोर स्टेडियम विकसित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी गई है। इस स्टेडियम के निर्माण से क्षेत्र के युवाओं और खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।

उच्चस्तरीय बैठक में जिलाधिकारी अनुनय झा, एमडीए उपाध्यक्ष अनुभव सिंह, नगर आयुक्त हिमांशु कौशिक, अमरोहा जिलाधिकारी के प्रतिनिधि, एमडीए बोर्ड सदस्य राजू कालरा सहित प्राधिकरण व संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों का मानना है कि इन दूरगामी निर्णयों से मुरादाबाद के बुनियादी ढांचे, कनेक्टिविटी और नागरिक सुविधाओं के स्तर में ऐतिहासिक सुधार आएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित