अलवर , अक्टूबर 29 -- कांग्रेस की 'वोट बचाओ, देश बचाओ' रैली को लेकर राजस्थान में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं।
विधानसभा में विपक्ष के नेता टीकाराम जूली ने गुरुवार को यहां रैली में बड़े स्तर पर लोगों के शामिल होने का दावा करते हुए कहा कि अलवर जिले से करीब 11 हजार लोग दिल्ली पहुंचेंगे। राजस्थान से करीब एक लाख और देशभर से करीब 10 लाख लोगों के इस रैली में शामिल होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि रैली को लेकर कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह है और बड़ी संख्या में लोग दिल्ली जाने की तैयारी कर रहे हैं।
श्री जूली ने कहा कि इस रैली में केवल कांग्रेस कार्यकर्ता ही नहीं, बल्कि दूसरे राजनीतिक दलों से जुड़े लोग, सामाजिक कार्यकर्ता और देश के हित में आवाज उठाने वाले लोग भी भागीदारी करेंगे। उन्होंने कहा कि संविधान की रक्षा, लोकतंत्र को मजबूत करने और मतदान प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाने के उद्देश्य से यह रैली आयोजित की जा रही है।
श्री जूली ने इसे 'वोट बचाओ, देश बचाओ' की मुहिम बताते हुए कहा कि देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था और मताधिकार की सुरक्षा को लेकर चिंतित लोग इस अभियान से जुड़ रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित