मुरादाबाद , जुलाई 06 -- रेल यात्रियों की सुरक्षा एवं बेहतर रेल अवसंरचना उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दिल्ली मंडल के दिल्ली यार्ड में मरम्मत एवं विकास कार्य के लिये पावर एवं ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा, जिस कारण रेल मंडल में संचालित होने वाली विभिन्न रेलगाड़ियाँ प्रभावित रहेंगी। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने सोमवार को बताया कि मरम्मत आदि कार्यों के चलते रेल यातायात को सुचारू रखने के लिए कुछ मुख्य ट्रेनों के मार्ग में अस्थाई रूप से बदलाव करने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बताया कि गाड़ी संख्या 04651 (जयनगर-अमृतसर) अपने निर्धारित मार्ग गाज़ियाबाद-दिल्ली-सब्जी मंडी के स्थान पर परिवर्तित मार्ग गाज़ियाबाद-नई दिल्ली-सब्जी मंडी मार्ग द्वारा संचालित की जाएगी और इस मार्ग परिवर्तन की अवधि के दौरान संबंधित ट्रेन का दिल्ली स्टेशन पर ठहराव नहीं रहेगा।
इसी क्रम में गाड़ी संख्या 15014 (काठगोदाम-जैसलमेर) भी अपने नियमित मार्ग गाज़ियाबाद-दिल्ली-दिल्ली सराय रोहिल्ला के स्थान पर परिवर्तित मार्ग गाज़ियाबाद-नई दिल्ली-दिल्ली सराय रोहिल्ला होकर चलाई जाएगी तथा इस गाड़ी का भी मार्ग परिवर्तन के दौरान दिल्ली स्टेशन पर ठहराव निरस्त रहेगा। रेलवे प्रबंधन ने सभी सम्मानित यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए अपनी यात्रा प्रारंभ करने से पूर्व रेलगाड़ी की नवीनतम स्थिति की जांच अवश्य कर लें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित