नयी दिल्ली , अक्टूबर 21 -- दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने प्रदूषण नियंत्रण में सहयोग देने के लिए कल से (22 अक्टूबर) से कार्य दिवसों में अतिरिक्त ट्रेन फेरे चलाने का फैसला किया है। इसके साथ ही, वह राजधानी में अपने निर्माण स्थलों और आसपास के क्षेत्रों में प्रदूषण रोधी अभियानों में तेजी लायेगी।

डीएमआरसी ने राजधानी दिल्ली में हवा की गुणवत्ता में आई गिरावट के बाद लागू हुए ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन को देखते हुए यह ऐलान किया। यह जानकारी यहां जारी एक विज्ञप्ति में दी गयी।

इसमें बताया गया है कि 22 अक्टूबर से दिल्ली मेट्रो अपने नेटवर्क पर कार्य दिवसों में 20 अतिरिक्त फेरे लगाएगी ताकि अधिक से अधिक लोग निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का उपयोग कर सकें। इसके अलावा निर्माण वाली जगहों के भीतर धूल कम करने, सड़कों से धूल हटाने और फुटपाथों तथा रोड डिवाइडरों को साफ करने को कई खास पहल की जाएंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित