नयी दिल्ली , मई 03 -- दिल्ली मेट्रो रेल निगम ने रविवार को भारत मंडपम में अपना 32वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने दिल्लीवासियों को बड़ी सौगात देते हुए घोषणा की कि दिल्ली मेट्रो के विस्तार के फेज-5बी के तहत सात नए कॉरिडोर के लिए तैयारियां शुरू की जा रही हैं।
फेस-5बी विस्तार योजना के अंतर्गत 97.158 किलोमीटर लंबे नेटवर्क पर कुल 65 स्टेशनों का निर्माण प्रस्तावित है। इन सात नए कॉरिडोर में ढांसा बस स्टैंड (नजफगढ़) से नांगलोई (11.859 किमी, 9 स्टेशन), केंद्रीय सचिवालय से किशनगढ़ (15.969 किमी, 10 स्टेशन), और समयपुर बादली से नरेला डीडीए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स (12.890 किमी, 8 स्टेशन) शामिल हैं। इनके अतिरिक्त कीर्ति नगर से पालम (9.967 किमी, 6 स्टेशन), जोर बाग से मीठापुर (16.991 किमी, 12 स्टेशन), मयूर विहार फेज-III से शास्त्री पार्क (13.197 किमी, 8 स्टेशन), और केशव पुरम से रोहिणी सेक्टर-34 (16.285 किमी, 12 स्टेशन) के बीच भी मेट्रो कनेक्टिविटी प्रदान की जाएगी।
उन्होंने बताया कि फेज-4 और फेज-5ए का काम पहले से ही प्रगति पर है और हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दो नए कॉरिडोर समर्पित करने के साथ ही तीन अन्य की आधारशिला भी रखी है।
केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल ने अपने संदेश के माध्यम से मेट्रो की उपलब्धियों की सराहना करते हुए बताया कि वर्तमान में देश के 26 शहरों में 1150 किलोमीटर से अधिक का मेट्रो नेटवर्क संचालित है।
केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह केवल एक वर्ष पूरा होने का अवसर नहीं है, बल्कि दिल्ली-एनसीआर के उन लाखों लोगों के विश्वास का उत्सव है जो प्रतिदिन मेट्रो में सफर करते हैं। कार्यक्रम के दौरान दिल्ली मेट्रो के तीन दशकों के सफर और भविष्य में सुरक्षित, भरोसेमंद और पर्यावरण अनुकूल यात्रा प्रदान करने की प्रतिबद्धता को दोहराया गया।
कार्यक्रम में डीएमआरसी के अध्यक्ष कटिकीथला श्रीनिवास और प्रबंध निदेशक डॉ. विकास कुमार सहित जापान दूतावास के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित