नयी दिल्ली , जुलाई 16 -- दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने गुरुवार को कहा कि सरकार राजधानी में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ बनाने के लिए 45 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर जनता को समर्पित किये जायेंगे।
डॉ. पंकज ने बताया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में 'आयुष्मान आरोग्य मंदिर' पहल के सातवें चरण के तहत 45 नये आयुष्मान आरोग्य मंदिर जनता को समर्पित किये जायेंगे। इन नये केंद्रों के शुरू होने से लोगों को घर के नजदीक गुणवत्तापूर्ण प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी और राजधानी का सार्वजनिक स्वास्थ्य नेटवर्क और मजबूत होगा। उन्होंने बताया कि सरकार अब तक 370 आयुष्मान आरोग्य मंदिर जनता को समर्पित कर चुकी है। इनमें 244 अर्बन सब हेल्थ सेंटर और 126 अर्बन प्राइमरी हेल्थ सेंटर शामिल हैं। यह पहल जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने और हर नागरिक तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने की सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
स्वास्थ्य मंत्री के अनुसार आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण, सामान्य और गैर-संचारी रोगों की जांच एवं प्रबंधन, सामान्य बीमारियों का उपचार, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता, स्वास्थ्य जांच, परामर्श, रोगों की रोकथाम तथा वेलनेस से जुड़ी व्यापक प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करायी जा रही हैं। इन केंद्रों का उद्देश्य बीमारी के उपचार के साथ-साथ लोगों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना और रोगों की समय रहते पहचान सुनिश्चित करना भी है।
डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि 45 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का उद्घाटन राजधानी के प्रत्येक नागरिक को सुलभ, किफायती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि ये केंद्र व्यापक प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए पहला संपर्क बिंदु बनेंगे, जहां रोगों की रोकथाम, शुरुआती पहचान, समय पर जांच और उपचार पर विशेष ध्यान दिया जायेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित