नयी दिल्ली , मई 06 -- दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को 22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैम्पियनशिप 2026 की घोषणा करते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता 27 जुलाई से दो अगस्त तक यहाँ त्यागराज स्टेडियम में आयोजित की जाएगी।
श्रीमती गुप्ता ने कहा कि दिल्ली लंबे समय से विश्वस्तरीय खेल आयोजनों की सफल मेजबानी करती रही है और अब कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैम्पियनशिप का आयोजन राजधानी को वैश्विक खेल मानचित्र पर और अधिक सशक्त करेगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर, सुचारु व्यवस्थाएँ और उत्कृष्ट खेल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि त्यागराज स्टेडियम इस चैम्पियनशिप का मुख्य प्रतियोगिता और समारोह केंद्र होगा। आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह स्टेडियम खिलाड़ियों और दर्शकों को विश्वस्तरीय अनुभव प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन दिल्ली की मेजबानी क्षमता, आधुनिक बुनियादी ढांचे और खेल संस्कृति को भी वैश्विक स्तर पर भी प्रदर्शित करेगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार विज़न 2036 ओलंपिक्स के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए खेलों के बुनियादी ढांचे और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
इस अवसर पर दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री आशीष सूद ने कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी को देश की प्रमुख "स्पोर्ट्स कैपिटल" के रूप में स्थापित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है और 22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैम्पियनशिप 2026 का आयोजन इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के ऐसे आयोजनों से न केवल दिल्ली की वैश्विक खेल पहचान मजबूत होगी, बल्कि युवाओं में खेलों के प्रति उत्साह और भागीदारी भी बढ़ेगी।
श्री सूद ने कहा कि यह चैम्पियनशिप भारत के उभरते हुए टेबल टेनिस खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय मंच पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर प्रदान करेगी। साथ ही भारतीय टीम घरेलू मैदान पर मजबूत दावेदार के रूप में उतरेगी, जिससे देश के खिलाड़ियों का मनोबल और आत्मविश्वास और अधिक सशक्त होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित