नयी दिल्ली , अक्टूबर 24 -- कोरियन कल्चरल सेंटर इंडिया की ओर से नयी दिल्ली के सेलेक्ट सिटीवॉक मॉल में 23 और 24 अक्टूबर को 'कोरिया कल्चर डे 2026' का आयोजन किया गया। उत्सव में के-पॉप, पारंपरिक कोरियाई संगीत, ताइक्वांडो और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ कोरियाई खानपान, पारंपरिक खेलों और मनोरंजन से जुड़ी गतिविधियों को शामिल किया गया।

इस वर्ष 'रंग दे कोरिया' और 'के-हार्मनी फेस्टा' को मिलाकर 'कोरिया कल्चर डे 2026' के रूप में आयोजित किया जा रहा है। अप्रैल 2026 में भारत और दक्षिण कोरिया के नेताओं द्वारा तय साझा दृष्टिकोण के तहत आयोजित इस उत्सव का उद्देश्य दोनों देशों के लोगों के बीच मित्रता और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करना है।

'रंग दे कोरिया' 2022 से नयी दिल्ली में कोरियाई संस्कृति को बढ़ावा दे रहा है, जबकि 'के-हार्मनी फेस्टा' के जरिए देश के विभिन्न शहरों तक कोरियाई संस्कृति पहुंचाने का प्रयास किया जाता है।

इस वर्ष उत्सव की थीम 'वन लाइट, टू सिटीज' (एक रोशनी, दो शहर) रखी गई है। यह भारत की दिवाली और कोरिया के चुसोक पर्व की परंपराओं से प्रेरित है और दोनों देशों की सांस्कृतिक समानताओं तथा आपसी मित्रता को दर्शाती है। आयोजन स्थल पर रोशनी से सजा विशेष गलियारा भी तैयार किया गया, जहां आगंतुकों को दोनों संस्कृतियों की झलक देखने का अवसर मिला।

कार्यक्रम में ताइक्वांडो दल, कोरियाई सांस्कृतिक कलाकारों और लोकप्रिय के-पॉप बॉय ग्रुप एनटीएक्स की प्रस्तुतियां निर्धारित थीं। स्टार एंटरटेनमेंट, बीबी.क्यू चिकन, ओरियन और मिक्सो (ई-लैंड) जैसे ब्रांड भी उत्सव में शामिल हुए, जिनके माध्यम से आगंतुकों को कोरियाई खानपान, मनोरंजन और जीवनशैली से परिचित कराने का प्रयास किया गया।

कार्यक्रम के बाद 25 अक्टूबर को हैदराबाद के शिल्पकला वेदिका में भी 'कोरिया कल्चर डे 2026' का आयोजन निर्धारित है। वहां कोरियाई संस्कृति के साथ तेलंगाना की पारंपरिक कलाओं को भी मंच देने की योजना है।

पिछले वर्ष मुंबई में आयोजित कोरियाई सांस्कृतिक कार्यक्रम को मिली प्रतिक्रिया के बाद इस बार हैदराबाद में पहली बार इतने बड़े स्तर पर उत्सव आयोजित किया जा रहा है। इससे पहले सितंबर में कोरियन कल्चरल सेंटर इंडिया ने आंध्र प्रदेश के गुंटूर में कोरियाई भाषा, ताइक्वांडो और के-पॉप से जुड़ा कार्यक्रम आयोजित किया था।

हैदराबाद में होने वाला आयोजन तेलंगाना सरकार के साथ हुए समझौता ज्ञापन (एमओयू) के तहत किया जा रहा है। इसमें हैदराबाद स्थित दक्षिण कोरिया के मानद महावाणिज्य दूतावास का भी सहयोग है। कोरिया फाउंडेशन फॉर इंटरनेशनल कल्चरल एक्सचेंज, टूरिंग के-आर्ट्स और इंडिया में कोरियन यूथ कॉमर्स एसोसिएशन सहित कई संस्थाएं इस उत्सव का समर्थन कर रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित