भदोही , सितंबर 04 -- उत्तर प्रदेश के भदोही जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष मुशीर इकबाल ने दिल्ली में दो महिला पत्रकारों के साथ कथित मारपीट की घटना की निंदा करते हुए मामले की उच्चस्तरीय न्यायिक जांच कराने तथा दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

श्री इकबाल ने शुक्रवार को यहां जारी बयान में कहा कि तीन सितंबर को 4पीएम की रिपोर्टर शाहीन और उनकी कैमरापर्सन मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से सवाल पूछने के लिए गयी थीं। उनके अनुसार, दोनों पत्रकारों को हिरासत में लेने के बाद कथित तौर पर उनके साथ मारपीट की गयी।

उन्होंने कहा कि एक पत्रकार ने आरोप लगाया है कि धर्म पूछे जाने के बाद उनके साथ और बर्बरता की गयी। उन्होंने कहा कि यदि पत्रकारों के साथ सवाल पूछने के कारण इस तरह का व्यवहार किया जाता है, तो यह प्रेस की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

कांग्रेस नेता ने दिल्ली पुलिस के उस कथित पक्ष पर भी सवाल उठाया जिसमें वीवीआईपी मार्ग बाधित किए जाने की बात कही गयी है। उन्होंने कहा कि घटना से संबंधित वीडियो में पत्रकारों के चोटिल होने के निशान और कैमरापर्सन की कथित गंभीर स्थिति दिखाई दे रही है, इसलिए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच जरूरी है।

उन्होंने मांग की कि घटना की न्यायिक जांच करायी जाए, मारपीट के आरोपों में शामिल पुलिसकर्मियों को तत्काल निलंबित कर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाए तथा घायल पत्रकारों को समुचित उपचार और सुरक्षा उपलब्ध करायी जाए।

उन्होंने प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया और महिला आयोग से भी मामले का स्वतः संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि पत्रकारों द्वारा सवाल पूछना उनका लोकतांत्रिक अधिकार है, और पत्रकारों के साथ किसी भी प्रकार की हिंसा को स्वीकार नहीं किया जा सकता।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित