नयी दिल्ली , सितंबर 22 -- आम आदमी पार्टी (आप) ने कालकाजी में नाबालिग लड़की के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के निकम्मेपन को जिम्मेदार बताया है।
आप के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने मंगलवार को कहा कि राजधानी में बढ़ते दुष्कर्मों के लिए सीधे पुलिस ज़िम्मेदार है। तीन साल की बच्ची के साथ जनकपुरी में दुष्कर्म हुआ पूरी सरकार इस पर चुप रही। पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) और थाना प्रभारी (एसएचओ) उसके माता-पिता को धमका रहे थे, तब भी सरकार चुप रही। दिल्ली पुलिस का पूरी तरह राजनीतिक टूल की तरह उपयोग किया जाता है। दिल्ली पुलिस मेरे (सौरभ भारद्वाज) ऊपर हर महीने दो मामले दर्ज करते हैं लेकिन कोई लड़की थाने में कोई छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कराए तो कोई मामला दर्ज नहीं होता है और जब तक उसका दुष्कर्म नहीं हो जाता तब तक ये उसका मामला दर्ज नहीं करते हैं।
'आप' के वरिष्ठ नेता और कोंडली से विधायक कुलदीप कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली में आखिर ये क्या हो रहा है? दिल्ली में आए दिन नाबालिग बच्चियों के साथ दुष्कर्म की खबरें सामने आ रही हैं। कालकाजी मंदिर इलाके से सामने आई यह घटना बेहद दुखद और शर्मनाक है। कालकाजी के दर्शन करने पहुंची 17 साल की लड़की के साथ आस्था कुंज पार्क में तीन युवकों ने कथित तौर पर दुष्कर्म किया। आरोप है कि तीनों ने खुद को पुलिसकर्मी बताया और लड़की और उसके दोस्त को धमकाया। इसी दौरान एक आरोपी ने लड़की के दोस्त को पकड़ लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित